फतेहपुर: ससुराल गए युवक का शव रोड किनारे मिला, हत्या का आरोप, सैकड़ों ग्रामीणों संग थाने का घेराव

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद में एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. थरियांव थाना क्षेत्र के जलालपुर इटौली स्थित अंबापुर–हदगांव मार्ग पर 26 दिसंबर को ससुराल गए युवक का शव सड़क किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई.

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया, लेकिन रिपोर्ट से असंतुष्ट परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया.

मृतक की पहचान दिनेश कुमार पुत्र शत्रुघ्न लोधी, निवासी मोहिद्दीनपुर गांव, थाना हुसेनगंज के रूप में हुई है.

परिजनों का आरोप है कि दिनेश की शादी करीब 7 माह पूर्व जलालपुर इटौली निवासी कैलाश लोधी की पुत्री गुड़िया देवी से हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा, जिसके चलते गुड़िया देवी तीन माह पहले मायके चली गई थी.

परिजनों का कहना है कि चार दिन पूर्व गुड़िया देवी ने पति को दवा कराने के बहाने फोन कर अपने गांव बुलाया और साजिश के तहत उसकी हत्या करा दी। 26 दिसंबर को दिनेश का शव गांव से कुछ दूरी पर सड़क किनारे पड़ा मिला.

पुलिस कार्रवाई से नाराज परिजन सोमवार को सैकड़ों ग्रामीणों के साथ हुसेनगंज थाने पहुंचे और पत्नी समेत ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने का घेराव किया. परिजनों ने मृतक की पत्नी गुड़िया देवी, उसकी बहन अरुणा देवी, भाई गुड्डू, पिता कैलाश लोधी तथा रिश्तेदार दीपू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की.

परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत का भी आरोप लगाया. कई घंटे चले हंगामे के बाद थाना प्रभारी ने तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण शांत हुए और शव के अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए.

घटना को लेकर क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com