फतेहपुर बत्तख चोरी में गोलीकांड का पुलिस ने किया खुलासा: पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, चार शातिर गिरफ्तार

फतेहपुर: ललौली थाना क्षेत्र के मेवली गांव में बतख चोरी के दौरान बतख पालक महेश को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है. घटना के बाद क्षेत्र में फैले भय और आक्रोश के माहौल के बीच ललौली पुलिस ने त्वरित और सटीक कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मनोज कुमार पासवान, शिवकरण उर्फ सिंगर पासवान, इंद्रजीत उर्फ लल्लू पासवान तथा रमेश पासवान शामिल हैं. चारों आरोपियों को मखदुमपुर जंगल क्षेत्र में शुक्ला भट्ठा के पास से दबोचा गया. तलाशी के दौरान उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 12 बोर का अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है.
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बतख चोरी की नीयत से मौके पर पहुंचे थे. जब बतख पालक महेश ने विरोध किया तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, जिससे वह घायल हो गया. घटना के बाद से गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था.
हालांकि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है. पुलिस ने साफ किया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.









