पत्नी से झगड़ा, शराब का नशा और 200 फीट ऊंचा टॉवर—कोरबा में हाई वोल्टेज ड्रामा

कोरबा : कोरबा जिले के रावणभांटा गांव में पत्नी से विवाद के बाद शराब के नशे में धुत एक युवक 200 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया.टॉवर से वह जोर-जोर से चिल्लाते हुए पत्नी को बुलाने और कूदने की धमकी देने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए. घटना रजगामार चौकी क्षेत्र की है.युवक की पहचान करण चौहान (26) के रूप में हुई है, जो रावणभांटा गांव का निवासी है.
करीब एक घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा, सुरक्षित उतारा गया युवक
दोपहर वह नशे की हालत में घर पहुंचा, जहां पत्नी से कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर वह गुस्से में घर से निकलकर गांव में लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया.सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची.इधर, घटना की जानकारी मिलने पर पत्नी भी वहां पहुंची और पति को समझाने का प्रयास किया.
पुलिस और पत्नी ने संयम बरतते हुए युवक को शांत किया.करीब एक घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने समझाइश देकर युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया.इसके बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली.पुलिस ने बताया कि युवक नशे में था.काउंसलिंग के बाद उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है.









