देवास के पांच पुलिसकर्मियों को केंद्रीय गृहमंत्री सेवा पदक, उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला सम्मान

देवास जिले के पांच पुलिसकर्मियों को वर्ष 2025 के लिए केंद्रीय गृहमंत्री सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। इनमें दो कर्मचारियों को अति उत्कृष्ट सेवा पदक और तीन कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया है। यह सम्मान उनकी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और सराहनीय सेवाओं के लिए दिया गया है।
केंद्रीय गृहमंत्री अति उत्कृष्ट सेवा पदक उन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने अपने लंबे सेवाकाल में असाधारण निष्ठा, अनुकरणीय कर्तव्यपरायणता और राष्ट्रहित में महत्वपूर्ण योगदान दिया हो।
वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक उन कर्मियों को दिया जाता है, जिन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में उल्लेखनीय कार्य किया हो।
इस क्रम में प्रधान आरक्षक ईश्वर सिंह और जगदीश चंद्र सोलंकी को अति उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। वहीं, साइबर सेल के प्रधान आरक्षक सचिन चौहान, यातायात शाखा के प्रधान आरक्षक अभयसिंह कुशवाह और थाना सोनकच्छ के प्रधान आरक्षक कुलदीप सिंह सिकरवार को उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार पुलिसकर्मियों की मेहनत, ईमानदारी और उत्कृष्ट कार्यशैली का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारी और कर्मचारी न केवल देवास पुलिस, बल्कि पूरे पुलिस बल के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और समाज में सुरक्षा व विश्वास की भावना को मजबूत करते हैं।










