कोहरे में ड्राइविंग: अपनाएं ये 5 जरूरी सेफ्टी टिप्स, बचाएं अपनी जान

सर्दियों में घना कोहरा सड़क पर ड्राइविंग को बेहद जोखिम भरा बना देता है। कम विजिबिलिटी के कारण आगे क्या है, यह समझना मुश्किल होता है और सड़क दुर्घटनाओं की संख्या इस मौसम में तेजी से बढ़ जाती है। ऐसे में ड्राइवरों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी जरूरी है।
1. सही लाइट का इस्तेमाल करें
हाई बीम हेडलाइट्स कोहरे में नुकसानदेह साबित हो सकती हैं क्योंकि इसकी तेज रोशनी कोहरे की नमी से टकराकर आंखों में लौट आती है। इसलिए लो बीम हेडलाइट और पीली रोशनी वाली फॉग लाइट का इस्तेमाल करें।
2. सिग्नल का सही इस्तेमाल करें
घने कोहरे में सामने वाला वाहन या पैदल यात्री समय पर दिखाई नहीं देता। जरूरत पड़ने पर हल्का हॉर्न बजाएं और इंडिकेटर का सही समय पर इस्तेमाल करें। हैजार्ड लाइट का लगातार उपयोग भ्रम पैदा कर सकता है।
3. स्पीड पर नियंत्रण रखें
कोहरे में तेज गति सबसे बड़ा खतरा है। भारी कोहरे में सीमित गति पर वाहन चलाएं और आगे चल रही गाड़ी से पर्याप्त दूरी बनाएं ताकि अचानक ब्रेक लगाने की स्थिति में प्रतिक्रिया का समय हो।
4. सड़क की लाइनों को अपना सहारा बनाएं
अगली विजिबिलिटी कम होने पर सड़क की लेन मार्किंग को फॉलो करें। इससे आप अपनी लेन में बने रहेंगे और गलत दिशा में जाने से बचेंगे।
5. सुनने की क्षमता का इस्तेमाल करें
जब आंखें कम काम करें, कान ज्यादा मददगार साबित हो सकते हैं। म्यूजिक सिस्टम बंद रखें और आसपास की आवाजों पर ध्यान दें। हॉर्न, सायरन या इंजन की आवाज सुनकर संभावित खतरे को समय रहते पहचानें।
इन सरल उपायों को अपनाकर घने कोहरे में ड्राइविंग सुरक्षित बनाई जा सकती है और हादसों से बचा जा सकता है।









