पूर्व नक्सली भी दौड़े, अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन से अमन और शांति का संदेश

छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ में आज पीस हाफ मैराथन 2026 का आयोजन हुआ, जिसमें देश-विदेश से आए 10 हजार से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया। नारायणपुर के हाईस्कूल परिसर से शुरू हुई इस 21 किलोमीटर लंबी हाफ मैराथन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया और विजयी प्रतिभागियों के लिए मैडल का अनावरण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अबूझमाड़ की धरती से पूरे देश और दुनिया को अमन और शांति का संदेश जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह वही क्षेत्र है जहां पहले आम नागरिकों और जवानों का पहुंचना भी कठिन था, लेकिन अब सकारात्मक वातावरण के कारण हजारों लोग यहां एकत्रित हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा वर्ग का उत्साह यह संकेत देता है कि बस्तर क्षेत्र जल्द ही खुशियों और विकास से आबाद होगा।

इस आयोजन की खास बात यह रही कि आत्मसमर्पित पूर्व नक्सली युवाओं ने हथियार छोड़कर मैराथन में भाग लिया और शांति और मुख्यधारा में लौटने का संदेश दिया। स्थानीय समुदाय और अबूझमाड़िया जनजाति की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और प्रभावशाली बनाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परिवर्तन डबल इंजन सरकार की नीतियों का परिणाम है और उन्होंने बस्तर क्षेत्र में विकास के लिए 351 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण तथा नई योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के कारण यह क्षेत्र पिछले चार दशकों से विकास से वंचित रहा, लेकिन अब विकास की मुख्यधारा में बस्तर और छत्तीसगढ़ पूरी तरह जुड़ेंगे।

कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री, क्षेत्रीय विधायक, सांसद, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

close