दिल्ली में होली-दीपावली पर गरीबों को मुफ्त गैस सिलेंडर

दिल्ली सरकार ने होली और दीपावली के अवसर पर गरीब परिवारों को मुफ्त गैस सिलेंडर देने का ऐलान किया है। इस योजना के तहत 17.5 लाख राशनकार्ड धारकों के खाते में 853 रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे। कैबिनेट ने इसके लिए 242 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। यह योजना सरकार के एक साल पूरे होने के मौके पर लागू की जा रही है और चुनावी वादों का हिस्सा भी है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह योजना एक वादा पूरा करने के रूप में शुरू की जा रही है। राशनकार्ड धारकों को सिलेंडर का पैसा सीधे डीबीटी के माध्यम से मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अन्य सभी चुनावी वादे भी इसी तरह समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।
सीएम ने कहा कि विकसित विधानसभा ही विकसित दिल्ली की नींव है। प्रत्येक विधानसभा के लिए करोड़ों रुपये के फंड जारी किए जा रहे हैं ताकि बुनियादी सुविधाएं मजबूत हों और नागरिकों को बेहतर, सुगम और सम्मानजनक सेवाएं मिल सकें।
इसके अलावा 2026 में चंद्रावल में नया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट शुरू होने जा रहा है। यह परियोजना मॉडल टाउन, सदर बाजार, चांदनी चौक, मटिया महल, बल्लीमारान, करोल बाग, पटेल नगर, राजेंद्र नगर और आरके पुरम विधानसभा क्षेत्रों सहित 30 लाख से अधिक दिल्लीवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराएगी। समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के लिए इस परियोजना की प्रगति की लगातार समीक्षा की जा रही है।










