बरेली में दोस्ती बनी जानलेवा, 12वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में दोस्ती का रिश्ता खौफनाक अंजाम तक पहुंच गया, जहां 12वीं के एक छात्र की उसके ही दोस्तों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार इज्जतनगर थाना क्षेत्र के अशोक विहार में रहने वाला 17 वर्षीय छात्र शिवा पटेल शुक्रवार शाम घर पर खाना खा रहा था। इसी दौरान उसके कुछ दोस्त उसे बुलाकर अपने साथ ले गए। परिजनों को लगा कि वह थोड़ी देर में लौट आएगा, लेकिन वह वापस नहीं आया।
बताया जा रहा है कि आरोपी छात्र को घर से करीब 400 मीटर दूर चार खंबा इलाके में ले गए, जहां मामूली बात पर विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान एक आरोपी ने कहा कि तू ज्यादा बोलता है, जिस पर बहस बढ़ गई और मामला हिंसक हो गया।
आरोप है कि साथियों ने पहले शिवा को पकड़ लिया और फिर एक युवक ने चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पेट, सीने और पीठ पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हमले के बाद आरोपी ही उसे अस्पताल लेकर पहुंचे ताकि शक न हो, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मरने से पहले शिवा ने हमलावरों के नाम भी बताए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने मामले में करीब एक दर्जन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।









