इंस्टाग्राम की दोस्ती से निकाह तक, मुजफ्फरपुर में प्रेम विवाह के बाद जोड़े ने मांगी सुरक्षा

बिहार के मुजफ्फरपुर में सोशल मीडिया से शुरू हुई दोस्ती प्रेम में बदली और आखिरकार प्रेम विवाह तक पहुंच गई। परिवार के विरोध के बावजूद शादी करने वाले इस जोड़े को अब जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, जिसके चलते उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। मामला नगर थाना क्षेत्र का है और इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, नगर थाना क्षेत्र के तिलक मैदान रोड निवासी युवक और चंदवारा इलाके की युवती के बीच करीब डेढ़ साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और मुलाकातों के बाद उन्होंने साथ रहने का फैसला कर लिया। जब युवती ने घरवालों के सामने शादी की बात रखी तो परिजनों ने इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों ने माड़ीपुर इलाके में जाकर अपनी मर्जी से निकाह कर लिया।
निकाह के बाद युवती ने आरोप लगाया कि उसके परिजन इस रिश्ते से नाराज हैं और उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसी डर के चलते प्रेमी जोड़ा सीधे नगर थाना पहुंचा और पुलिस से सुरक्षा की मांग की। फिलहाल पुलिस ने दोनों को थाना परिसर में रखा है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं युवती के परिजनों ने युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि युवती की शादी पहले से तय थी और सगाई भी हो चुकी थी। परिजनों का आरोप है कि युवक ने युवती को प्रेमजाल में फंसाया और उसने अपने मंगेतर से दो लाख रुपये से अधिक की राशि अपने खाते में मंगवा ली, साथ ही घर से नकदी और जेवरात भी ले गई।
युवती ने पुलिस को बताया कि वह ग्रेजुएट है, जबकि युवक शहर में जूता-चप्पल की दुकान में काम करता है। दूसरी ओर युवती की मां ने इस निकाह पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वह इस रिश्ते से खुश नहीं हैं और बेटी की शादी अगले साल मई में दुबई में काम करने वाले युवक से तय की गई थी।
पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। सुरक्षा के साथ-साथ लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सके।









