छत्तीसगढ़ में कपड़े बेचने की आड़ में गांजा तस्करी, 2 करोड़ का माल जब्त

छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी का अनोखा तरीका सामने आया है। अंतरराज्यीय तस्कर फेरीवाले बनकर बाइक पर कपड़े बेचने की आड़ में गांजा सप्लाई कर रहे थे। महासमुंद और धमतरी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में करीब 378 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 1 करोड़ 90 लाख रुपए बताई जा रही है। मामले में मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

बाइक में बनाया था सीक्रेट बॉक्स

पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजा लेकर कुछ लोग छत्तीसगढ़ के रास्ते दूसरे राज्यों में सप्लाई करने वाले हैं। सूचना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर कई बाइक सवारों को रोका। जांच के दौरान बाइक पर कपड़ों के नीचे लोहे का गुप्त बॉक्स मिला, जिसमें गांजा छिपाकर रखा गया था।

तस्कर खुद को घूम-घूमकर कपड़े बेचने वाला फेरीवाला बता रहे थे। पुलिस ने शक होने पर तलाशी ली, जिसके बाद पूरा मामला सामने आया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कई बाइक, मोबाइल फोन और गांजा छिपाने के लिए इस्तेमाल किए गए विशेष लोहे के जाले भी जब्त किए हैं।

महासमुंद और धमतरी में अलग-अलग कार्रवाई

महासमुंद जिले में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में 215 किलो से ज्यादा गांजा बरामद किया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि गांजा ओडिशा से लाकर मध्यप्रदेश भेजा जा रहा था। वहीं धमतरी जिले के केरेगांव इलाके में पुलिस ने 131 किलो गांजा के साथ एक नाबालिग समेत तीन तस्करों को पकड़ा।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी तीन बाइक पर कतार में चल रहे थे और फेरीवाले का रूप धारण कर तस्करी कर रहे थे। बाइक की पिछली सीट पर विशेष तरीके से बॉक्स तैयार किए गए थे ताकि किसी को शक न हो।

चार थानों की चेकिंग व्यवस्था पर उठे सवाल

तस्करों के धमतरी पहुंचने से पहले कई थाना क्षेत्रों से गुजरने के बावजूद पकड़े नहीं जाने पर पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोपियों ने बोराई, सिहावा, नगरी और दुगली थाना क्षेत्र पार किए थे, जिसके बाद केरेगांव में उन्हें पकड़ा गया।

पुलिस का कहना है कि यह एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह है, जो नए तरीकों से गांजा तस्करी कर रहा है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com