रायगढ़ में ओडिशा से लाया गया ढाई लाख का गांजा जब्त, तस्कर गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने ओडिशा से गांजा लाकर बेचने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर से 12 किलो 400 ग्राम गांजा और 3,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई जूटमिल थाना क्षेत्र में की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सोनूमुड़ा देवारपारा निवासी गोविंद भट्ट उर्फ बुटू गांजा तस्करी में शामिल है। सूचना के आधार पर उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने आरोपी के मकान की घेराबंदी कर दबिश दी।
तलाशी के दौरान घर में रखी पेटी और डिब्बों से गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने ओडिशा से गांजा लाकर रायगढ़ में बिक्री करने की बात स्वीकार की। प्रारंभिक पूछताछ में वह टालमटोल करता रहा, लेकिन सख्ती के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही गांजा और नकद रकम जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई है। घनी आबादी वाले क्षेत्र में लंबे समय से गांजा बेचने की शिकायत मिल रही थी। मामले की जांच जारी है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।










