बरेली: क्रिसमस नाइट पर होटल में युवती से अश्लीलता, सिर पर बोतल से हमला

बरेली: क्रिसमस नाइट के दौरान बारादरी थाना क्षेत्र में एक होटल के भीतर युवती से अश्लीलता और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है. सैटेलाइट बस अड्डे के पास स्थित होटल माई बार हेडक्वार्टर में शराब के नशे में धुत युवकों ने एक युवती से अश्लील हरकत की। विरोध करने पर आरोपियों ने युवती के सिर पर बोतल मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
इज्जतनगर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी पीड़िता युवती ने पुलिस को बताया कि क्रिसमस की रात वह अपने भाई के साथ होटल माई बार हेडक्वार्टर में आयोजित क्रिसमस सेलिब्रेशन में गई थी। आरोप है कि वहां नशे की हालत में मौजूद कुछ युवकों ने नाच-गाने के दौरान उसके साथ अश्लीलता शुरू कर दी। जब उसके भाई ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने जानलेवा हमला कर दिया.
बताया गया कि आरोपियों ने युक्ति के सिर पर कांच की बोतल मार दी, जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गई। घटना के समय होटल में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन होटल के बाउंसर मूकदर्शक बने रहे। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
इंस्पेक्टर धनंजय पांडे ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर रोनित, सलोनी पटेल, ध्रुव राय, अमन राय, चिराग गुप्ता और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है.









