मैहर में बकरी चोरी की वारदात: 17 बकरियों को ले उड़े चोर… करीब दो लाख का नुकसान

मैहर: मैहर जिले के नादन देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरहिया में बकरी चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है. शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने एक किसान के घर से 17 बकरियां चोरी कर लीं. चोरी गई बकरियों की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बरहिया निवासी विष्णु प्रसाद नटवेरिया ने रोज की तरह अपनी बकरियों को रात में घर के बाहर बने बाड़े में बांध रखा था। रविवार सुबह जब वे जागे तो देखा कि बाड़े से सभी 17 बकरियां गायब थीं. हालांकि, बकरियों के 9 छोटे बच्चे मकान के अंदर बंधे हुए थे, जो सुरक्षित पाए गए.

पीड़ित किसान विष्णु प्रसाद ने बताया कि उनका परिवार पिछली दो पीढ़ियों से बकरी पालन का कार्य कर रहा है और इसी से परिवार की आजीविका चलती है. यह उनके जीवन की पहली बड़ी चोरी है, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक रूप से भारी क्षति पहुंची है। उन्होंने बताया कि चोरी गई बकरियां पूरी तरह तैयार थीं, जिनकी बाजार कीमत लगभग दो लाख रुपये है.

घटना की जानकारी मिलते ही किसान ने गांव के अन्य लोगों के साथ नादन देहात थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के गांवों एवं संभावित रास्तों पर जांच शुरू कर दी है.

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी छोटे-मोटे चोरी के मामले सामने आए हैं, लेकिन इस तरह से एक साथ इतनी संख्या में बकरियों की चोरी ने लोगों में दहशत और चिंता बढ़ा दी है. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने की मांग की है.

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाया जाएगा.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com