‘सुशासन तिहार फेल, सिर्फ नौटंकी’… दीपक बैज के वार पर केदार कश्यप का पलटवार

रायपुर। Chhattisgarh में आम लोगों की शिकायतों के निराकरण के लिए मनाए जा रहे ‘सुशासन तिहार’ को लेकर सत्ता और विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं। एक तरफ कांग्रेस ने इसे पूरी तरह विफल करार दिया, तो दूसरी ओर भाजपा ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कांग्रेस शासनकाल पर सवाल खड़े किए। बयानबाजी का यह दौर सिर्फ सुशासन तिहार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि महंगाई, प्रधानमंत्री आवास योजना और शराब नीति तक पहुंच गया।

सुशासन तिहार पर कांग्रेस का हमला, ‘नौटंकी और टाइम पास’ बताया

छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष Deepak Baij ने मीडिया से चर्चा में कहा कि सुशासन तिहार महज एक औपचारिकता बनकर रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के बीच जाकर सिर्फ दिखावा और समय बिताने का काम कर रही है। बैज ने कहा कि प्रदेश में हालात ऐसे हैं कि राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र को भी पीएम आवास के लिए दंडवत होना पड़ रहा है, जबकि अधिकारी जनता की समस्याएं सुनने के बजाय दबाव में काम कर रहे हैं।

भाजपा का पलटवार, ‘कांग्रेस ने 5 साल लोगों को आवास के लिए तरसाया’

कांग्रेस के आरोपों पर मंत्री Kedar Kashyap ने तीखा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पांच साल तक गरीबों और आदिवासियों को आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसाया। कश्यप ने दावा किया कि मौजूदा सरकार ने 18 लाख से ज्यादा प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए हैं और आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना पर तेजी से काम हो रहा है।

महंगाई पर भी गरमाई राजनीति, मोदी के बयान पर कांग्रेस का निशाना

प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा लोगों से सोना नहीं खरीदने और वर्क फ्रॉम होम करने की अपील पर भी कांग्रेस ने हमला बोला। दीपक बैज ने कहा कि यह सरकार की नाकामी का संदेश है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है, गैस सिलेंडर से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और सरकार सिर्फ सलाह देने में व्यस्त है।

प्लास्टिक बोतल में शराब बिक्री पर नया विवाद

प्रदेश में प्लास्टिक की बोतलों में शराब बिक्री को लेकर भी सियासत गरमा गई। दीपक बैज ने आरोप लगाया कि प्लास्टिक बोतलों से नुकसान की आशंका है और इससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नुकसान का ठीकरा चूहों पर फोड़ा जाएगा, जबकि फायदा मंत्री उठाएंगे।

कांग्रेस पर भाजपा का जवाब, ‘पहले शराब घोटाले पर जवाब दे’

शराब नीति पर लगे आरोपों का जवाब देते हुए केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस को आरोप लगाने से पहले अपने शासनकाल के कथित शराब घोटाले पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए, उसके बाद भाजपा सरकार पर सवाल उठाने चाहिए।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com