मजदूर सुलखन सिंह के लिए जीवनदायी साबित हुआ हेल्थ कार्ड, बिना खर्च तीन लाख का इलाज

पंजाब में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत एक मजदूर का जीवन बचाने का मामला सामने आया है। गुरदासपुर जिले के गांव गुरदासनंगल निवासी सुलखन सिंह को गंभीर हृदय रोग होने पर लगभग तीन लाख रुपये के इलाज की आवश्यकता पड़ी, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार यह खर्च उठाने में असमर्थ था।
आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत सुलखन सिंह का हेल्थ कार्ड मात्र एक दिन में बनकर तैयार किया गया। इसके बाद अमृतसर के एक निजी अस्पताल में बिना कोई शुल्क दिए उनके दिल का सफल ऑपरेशन किया गया और स्टेंट डाले गए।
उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत प्रदेश के लगभग 65 लाख परिवारों को 10 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा दी जा रही है। यह योजना विशेष रूप से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है।
धालीवाल ने बताया कि सरकार का मुख्य उद्देश्य शिक्षा और स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना है। पिछली सरकारों के दौरान महंगे इलाज के कारण गरीब परिवार कर्ज में डूब जाते थे या इलाज के अभाव में जान गंवा देते थे, लेकिन वर्तमान सरकार ने स्वास्थ्य को हर नागरिक का बुनियादी अधिकार बनाया है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अस्पतालों की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी मरीज से अतिरिक्त राशि न ली जाए और कार्ड धारकों को पूरी सुविधा मिल सके।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग वर्षों तक सत्ता में रहकर जनता की बुनियादी जरूरतों को नजरअंदाज करते रहे, उन्हें आज हो रहे बदलाव रास नहीं आ रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत अपना हेल्थ कार्ड बनवाएं और इस योजना का पूरा लाभ उठाएं।










