बजट 2026 के बाद शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स-निफ्टी लुढ़के

केंद्रीय बजट 2026 के ऐलान के बाद शेयर बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला। बजट पेश होते ही निवेशकों की नजर टैक्स और निवेश से जुड़े फैसलों पर गई, जिसका सीधा असर बाजार पर पड़ा। खासतौर पर फ्यूचर एंड ऑप्शन (एफ एंड ओ) से जुड़े टैक्स में बढ़ोतरी से निवेशकों में चिंता बढ़ गई और बाजार दबाव में आ गया।
सरकार ने एफ एंड ओ पर लगने वाले सिक्योरिटी ट्रांजेक्शन टैक्स (STT) को 0.1 फीसदी से बढ़ाकर 0.15 फीसदी कर दिया है। टैक्स बढ़ने की खबर से ट्रेडर्स और निवेशकों में असमंजस की स्थिति बनी, जिससे बिकवाली बढ़ी और बाजार में गिरावट दर्ज की गई।
बजट के बाद सेंसेक्स करीब 1,109 अंकों की गिरावट के साथ 81,456 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। वहीं निफ्टी लगभग 438 अंक टूटकर 24,980 के करीब पहुंच गया और एक बार फिर 25,000 के स्तर से नीचे चला गया।
बजट में एक सकारात्मक पहलू के तहत भारतीय मूल के विदेशी नागरिकों को भारतीय शेयर बाजार में निवेश की अनुमति दी गई है। इससे आने वाले समय में विदेशी निवेश बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है, हालांकि फिलहाल टैक्स बढ़ोतरी का असर बाजार पर भारी पड़ता दिख रहा है।
शेयरों की स्थिति पर नजर डालें तो सेंसेक्स के 30 में से केवल 3 शेयरों में तेजी दर्ज की गई, जबकि 27 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। वहीं निफ्टी के 50 में से सिर्फ 6 शेयरों में बढ़त रही और 43 शेयर लाल निशान पर रहे।










