छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन भारी बारिश के आसार, रायगढ़ में केलो डैम के चार गेट खोले गए

छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। राजधानी रायपुर में सोमवार रात से लगातार बारिश हो रही है, जबकि बिलासपुर संभाग के कई इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान अच्छी वर्षा दर्ज की गई है।

लगातार बारिश के कारण रायगढ़ जिले में केलो नदी का जलस्तर बढ़ने पर प्रशासन ने केलो डैम के चार गेट खोल दिए हैं। वहीं खरसिया-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जलभराव होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। बेलदुला रपटा पुल पर भी पानी चढ़ने लगा है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बरती जा रही है।

रायगढ़ शहर के पैठू डबरी, चंद्रनगर की नामदेव गली और वार्ड क्रमांक-18 के कई घरों में घुटनों तक पानी भर गया। लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। वहीं सरगुजा जिले के मैनपाट में बारिश के बाद प्राकृतिक सौंदर्य और अधिक निखर गया है।

प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बारिश का असर देखने को मिला है। मुंगेली जिले में मनियारी नदी पर स्थित कारीडोंगरी पुल पानी में डूब गया, जबकि गोबरी नदी पर हाल ही में बना एक पुल तेज बहाव के कारण क्षतिग्रस्त हो गया। कई स्थानों पर सड़कों और कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड और राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया। रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने, रुक-रुक कर बारिश होने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

हालांकि प्रदेश में हाल के दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं, लेकिन मानसून सीजन की शुरुआत से अब तक कुल वर्षा सामान्य से कम दर्ज की गई है। एक जून से अब तक प्रदेश में 348.5 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जबकि सामान्य रूप से इस अवधि में 444.6 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी। इस प्रकार राज्य में अब भी लगभग 22 प्रतिशत वर्षा की कमी बनी हुई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com