रेलवे ने चार मेमू ट्रेनों की बहाली की, ऑटो सिग्नलिंग कार्य के चलते चार ट्रेनें अब भी रहेंगी रद्द

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने रायपुर मंडल के भाटापारा-हथबंध स्टेशनों के बीच तीसरी लाइन सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग के लिए चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य के कारण ट्रेनों के परिचालन में किए गए बदलावों में संशोधन किया है। पहले रद्द घोषित की गई चार मेमू ट्रेनों को अब बहाल कर दिया गया है और ये अपने निर्धारित समय पर संचालित होंगी।
रेलवे के संशोधित आदेश के अनुसार 23 जुलाई को चलने वाली 68728 रायपुर–बिलासपुर मेमू, 68734 बिलासपुर–कोरबा मेमू, 68733 कोरबा–बिलासपुर मेमू और 68719 बिलासपुर–रायपुर मेमू अब सामान्य रूप से अपने तय समय पर चलेंगी।
हालांकि कुछ ट्रेनों का परिचालन अब भी प्रभावित रहेगा। रेलवे के अनुसार 23 जुलाई को 58203 कोरबा–रायपुर पैसेंजर, 58204 रायपुर–कोरबा पैसेंजर और 68746 रायपुर–गेवरा रोड मेमू रद्द रहेंगी। वहीं 24 जुलाई को 68745 कोरबा–रायपुर मेमू का संचालन भी रद्द रहेगा।
इसके अलावा 23 जुलाई को चलने वाली 68862/68861 झारसुगुड़ा–गोंदिया–झारसुगुड़ा मेमू का आंशिक परिचालन किया जाएगा। यह ट्रेन केवल बिलासपुर स्टेशन तक ही चलेगी तथा वहीं से वापस रवाना होगी। बिलासपुर और गोंदिया के बीच इस ट्रेन का संचालन नहीं किया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार भाटापारा-हथबंध सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग प्रणाली की कमीशनिंग के लिए तकनीकी कार्य जारी है। इसी कारण सुरक्षा की दृष्टि से कुछ ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किए गए हैं।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति आधिकारिक रेलवे वेबसाइट, एनटीईएस (NTES) या रेलवे हेल्पलाइन के माध्यम से जांच लेने की अपील की है, ताकि बदले हुए परिचालन के कारण किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।











