बोर्ड परीक्षा से पहले छात्रों के लिए शुरू हुई हेल्पलाइन, तनाव और समस्याओं का मिलेगा समाधान

बोर्ड परीक्षाओं के सुचारु संचालन और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए परीक्षा शुरू होने से पहले ही विशेष हेल्पलाइन सेवा शुरू कर दी गई है। यह सेवा हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी और हायर सेकेंडरी व्यावसायिक परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों के लिए संचालित की जा रही है।
हेल्पलाइन के माध्यम से विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक अपनी शैक्षणिक, मानसिक और परीक्षा से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संपर्क कर सकते हैं। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 1800-233-4363 पर सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक सहायता प्राप्त की जा सकती है।
हेल्पलाइन केंद्र पर प्रतिदिन मनोचिकित्सक, मनोवैज्ञानिक, शैक्षिक विशेषज्ञ और मंडल के अधिकारी मौजूद रहेंगे, जो परीक्षा से जुड़े तनाव, मार्गदर्शन और अन्य विषयों पर परामर्श देंगे। यह सेवा रविवार सहित सभी कार्यदिवसों में निर्धारित समय पर उपलब्ध रहेगी।
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या, भ्रम या तनाव की स्थिति में हेल्पलाइन का उपयोग करें। इसका उद्देश्य छात्रों को मानसिक रूप से मजबूत बनाना और परीक्षाओं को शांत एवं तनावमुक्त वातावरण में संपन्न कराना है।










