लखीमपुर खीरी में भीषण हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से कार सवार दंपती समेत तीन की मौत, तीन लोग घायल

लखीमपुर खीरी: जिले के गोला क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह कोहरे के कारण भीषण सड़क हादसा हुआ है. किसी वाहन ने कार को टक्कर मार दी. हादसे में कार चालक और पति-पत्नी की मौत हो गई। मासूम बच्ची समेत तीन घायल हुए हैं. घायलों में एक युवक की हालत नाजुक बताई गई है.
लखीमपुर खीरी के गोला क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर जलालपुर मोड़ के पास गोला से लखीमपुर की ओर जा रही कार को किसी वाहन ने टक्कर मारी दी. जिससे कार में सवार तीन लोगों की मौत हो गई. तीन लोग घायल हुए हैं. इनमें एक व्यक्ति की हालत नाजुक है. हादसा बृहस्पतिवार तड़के करीब छह बजे हुआ. राहगीर शुभम रस्तोगी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को सीएचसी गोला भेजा गया। जहां से एक व्यक्ति की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया. कार सवार सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। दिल्ली से धर्म कुंडा बहराइच अपने घर जा रहे थे.
हादसे में घायल प्रवेश सिंह (25 वर्ष) पुत्र अजय पाल ने बताया कि वे सभी लोग दिल्ली के राजौरी गार्डन में रहते थे। डेकोरेशन का काम करते थे। प्रवेश सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को मुकेश सिंह (25 वर्ष) पुत्र रमेश सिंह का तिलक था। कार से सभी लोग बहराइच के लिए जा रहे थे। कार में मुकेश सिंह, सुनील सिंह पुत्र बिंद्रा सिंह (30 वर्ष), सुनील सिंह की दो वर्षीय पुत्री मानवी, सुनील की पत्नी सुधा सिंह (27 वर्ष) सवार थे। कार संतोष सिंह पुत्र रमेश सिंह (30 वर्ष) चल रहा था.
कटर से कार काटकर निकाला गया चालक
प्रवेश सिंह का कहना है कि कार किस वाहन से टकराई है यह पता नहीं चला. हादसे में सुनील सिंह, उनकी पत्नी सुधा सिंह और चालक संतोष सिंह की मौत हो गई है. चालक को गैस कटर से कार काट कर बाहर निकल गया। गंभीर घायल मुकेश सिंह को जिला अस्पताल भेजा गया है. प्रवेश सिंह और मानवी को हल्की चोट आई है. बताया जा रहा है कि सुबह के वक्त घना कोहरा था. हादसे का कारण कोहरा माना जा रहा है.
सीओ रमेश कुमार तिवारी ने बताया कि कार में छह लोग सवार थे. जिसमें कार चालक और पति-पत्नी की मौत हो गई है. सभी एक ही परिवार के हैं. ये सभी बहराइच के रहने वाले हैं अपने घर जा रहे थे. हादसा किस वाहन की टक्कर से हुआ है, इसका पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.










