छात्र सुसाइड केस के बीच IIT बॉम्बे का फैसला, मिड-सेमेस्टर एग्जाम टले, अब अक्टूबर में होंगे पेपर

IIT बॉम्बे में बीटेक छात्र साहिल वाकोड़े की आत्महत्या का मामला तूल पकड़े हुए हैं. इस बीच IIT बॉम्बे ने 26 और 27 सितंबर को निर्धारित मिड-सेमेस्टर परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है. यह फैसला छात्रों की समान भागीदारी के साथ परीक्षा निरीक्षकों और अकादमिक अनुशासनहीनता के लिए संशोधित SOPs तैयार करने के लिए लिया गया है.
IIT बॉम्बे की ओर से बताया गया है कि स्थगित की गई परीक्षाएं पहले डीन एपी की ओर से जारी किए गए मूल टाइमटेबल के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी. यानी विषय और परीक्षा का शेड्यूल वही रहेगा, सिर्फ परीक्षा की तारीख बदली गई है. IIT बॉम्बे की ओर से जारी नोटिस के मुताबाकि, अब ये परीक्षाएं 10 और 11 अक्टूबर को आयोजित की जाएंगी.
अकादमिक मिसकंडक्ट पर तय होंगे स्पष्ट नियम
संस्थान के मुताबिक, परीक्षा की नई तारीखों पर छात्रों के प्रतिनिधियों से चर्चा के बाद फैसला लिया गया है. परीक्षाओं को स्थगित करने का उद्देश्य छात्रहितैषी SOP तैयार करने का समय देना है. संशोधित SOP में अकादमिक अनुशासनहीनता के मामलों को लेकर भी स्पष्ट नियम तय किए जाएंगे, ताकि परीक्षाओं का संचालन निष्पक्ष और एक समान तरीके से हो सके.
फैकल्टी सदस्यों ने संदिग्ध अकादमिक अनुशासनहीनता के मामलों से निपटने के लिए चरणबद्ध और स्पष्ट प्रक्रिया तय करने की जरूरत बताई है. इसमें मामले की पहचान से लेकर आगे की कार्रवाई तक प्रत्येक चरण के लिए स्पष्ट निर्देश शामिल होंगे. नई SOP और संशोधित नियमों को लागू करने से पहले औपचारिक मंजूरी के लिए सीनेट के समक्ष प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा.
साहिल वाकोड़े मामला में अबतक क्या हुआ?
IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोड़े ने 18 सितंबर को हॉस्टल के कमरे में आत्महत्या कर ली थी. मामले में पुलिस ने SC/ST एक्ट और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में FIR की है. परिजनों ने संस्थान के प्रशासन और प्रोफेसरों पर आरोप लगाए थे. इसके बादपरीक्षा की निगरानी कर रहे सीनियर प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला को हटाकर छुट्टी पर भेज दिया गया है.
फिलहाल,मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है. वहीं, IIT बॉम्बे ने भी पूरी घटना की जांच के लिए 10 सदस्यों की एक विशेष समिति का गठन किया है. यह कमेटी परीक्षा हॉल की घटना से लेकर छात्र की मानसिक स्थिति और संस्थान के प्रोटोकॉल की जांच करेगी. वहीं, मुंबई पुलिस पुरे मामले की गहन जांच पड़ताल में जुटी हुई है.











