उत्तर प्रदेश: अमेठी में इश्क की कसमें बनीं जानलेवा, साथ जीने-मरने का वादा निभाने चला युवक, इलाज के दौरान मौत

अमेठी: साथ जियेंगे, साथ मरेंगे…” मोहब्बत में खाई गई यही कसमें आखिर एक परिवार की जिंदगी पर भारी पड़ गईं. इश्क की राह में उलझे एक युवक ने ऐसा कदम उठा लिया, जिससे उसके घर में हमेशा के लिए सन्नाटा पसर गया.
पूरा मामला अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में प्रेम प्रसंग से परेशान एक युवक ने विषाक्त पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई. इलाज के दौरान शनिवार रात उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जानकारी के अनुसार बसंतपुर निवासी बेचू लाल (पुत्र विजई), जो पेशे से ट्रक चालक था, का विवाह लगभग 15 वर्ष पूर्व कुटमरा गांव निवासी गीता के साथ हुआ था. उनके तीन बच्चे भी हैं. बताया जा रहा है कि कुछ समय से उसका रायबरेली जनपद के महाराजगंज क्षेत्र की एक विवाहित महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था.
इस बात की जानकारी होने पर पत्नी ने आपत्ति जताई, जिससे घर में आए दिन विवाद होने लगा.
मामला बढ़ने पर पत्नी ने पहले मायके पक्ष को सूचना दी और बाद में डायल 112 पर शिकायत की. शुक्रवार को पुलिस चौकी सेमरौता में दोनों पक्षों को बुलाकर समझाया गया और घर भेज दिया गया, लेकिन विवाद समाप्त नहीं हुआ। शनिवार को दोनों पक्षों को थाने में बुलाकर समझौता करा दिया गया, जिसके बाद सभी अपने-अपने घर लौट गए.
बताया जाता है कि समझौते के बाद बेचू लाल अपनी प्रेमिका को छोड़ने उसके गांव गया था. वहीं शाम के समय उसने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया. परिजनों के अनुसार घटना की जानकारी प्रेमिका ने युवक की बहन को दी, जिसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महाराजगंज ले गए. हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल और फिर ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया.
ट्रामा सेंटर में हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे दूसरे अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस और फारेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
थानाध्यक्ष दयाशंकर मिश्रा ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.










