बहराइच में झोलाछाप डॉक्टर ने कर दिया हार्निया की जगह हाइड्रोसिल का ऑपरेशन, मौत के बाद परिजनों ने की शिकायत

बहराइच: बौंड़ी के बिस्वां गांव में अमरेश नामक युवक की मौत गलत ऑपरेशन के कारण हुई. उसे हार्निया का ऑपरेशन करने के लिए झोलाछाप डॉक्टर के पास भर्ती कराया गया था, लेकिन हाइड्रोसिल का ऑपरेशन किया गया. इसके चलते उसकी नसें कट गईं और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई. मामले की जांच चल रही है.
बौंड़ी के बिस्वां गांव निवासी युवक अमरेश का हार्निया के बजाय हाइड्रोसिल का लापरवाही से आपरेशन से मौत मामले में स्वास्थ्य टीम अलर्ट हुई है. मंगलवार को नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. अनुराग वर्मा की टीम झोलाछाप की दुकान पर पहुंची तो दुकान बंद मिली. मकान मालिक ने बताया कि वह किसी का इलाज कराने बहराइच गए हैं.
वहीं ग्रामीणों ने बताया कि घर ही वह जाकर बड़े से बड़ा ऑपरेशन कर रहा है. बौंड़ी थाने के बिस्वां गांव निवासी अमरेश (31) पुत्र घिर्रा मजदूरी कर पत्नी व तीन बेटियों के परिवार की आजीविका चला रहा था. उसको हार्निया की बीमारी थी.
जिससे काम करने में परेशानी हो रही थी. उसके कुछ रिश्तेदारों के कहने पर उसे एक सप्ताह पूर्व उसे फखरपुर थाने के कस्बे के भिलौरा मोड़ स्थित झोलाछाप के यहां भर्ती कराया गया था. वहां हार्निया के बजाय हाइड्रोसिल का आपरेशन कर दिया गया था.
गलत आपरेशन से उसकी कुछ नसे कट गई थी. अमरेश को तत्काल लखनऊ ले जाने को कहा गया था. परेशान परिजन उसे लखनऊ ले जा रहे थे. अमरेश की रास्ते में मौत हो गई. शव को परिजन गांव ले आए.
इसकी शिकायत थाने पर की गई. पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दी थी. इस मामले में सीएमओ ने जांच कमेटी बनाई. नोडल अधिकारी डॉ. अनुराग वर्मा गए थे. उन्होंने कहा कि झोलाछाप के यहां न तो बोर्ड लगा है और न ही उसका मोबाइल नम्बर मिल पाया है. उसकी तलाश की जा रही है. उसके बयान दर्ज होंगे, कड़ी कार्रवाई होगी.











