हरदोई में स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर गुंडई, पूर्व सैनिक के घर महिलाओं से मारपीट

हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर दबंगई और अवैध वसूली का गंभीर मामला सामने आया है. माधौगंज थाना क्षेत्र के रुदामऊ गांव में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे युवकों पर एक पूर्व सैनिक के घर में जबरन घुसकर महिलाओं व बुजुर्गों के साथ अभद्रता और बेरहमी से मारपीट करने के आरोप लगे हैं. घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश और तनाव का माहौल व्याप्त है.

जानकारी के अनुसार, पूर्व सैनिक स्वर्गीय पुत्ती लाल के घर कुछ युवक स्मार्ट मीटर लगाने के पहुंचे थे, परिजनों द्वारा मीटर लगवाने से मना करने पर आरोपियों ने 500 रुपये की अवैध मांग शुरू कर दी. महिलाओं द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर युवकों ने गाली-गलौज करते हुए अभद्र व्यवहार किया. विरोध करने पर बुजुर्गों को भी निशाना बनाया गया.
आरोप है कि दबंग युवकों ने बिजली के तार की मोटी रॉड से महिलाओं और बुजुर्गों की पिटाई की, जिससे परिवार के कई सदस्य घायल हो गए. चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे. इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अभद्रता और मारपीट साफ तौर पर देखी जा सकती है.
वीडियो वायरल होते ही गांव में रोष फैल गया. पीड़ित परिवार ने माधौगंज थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की. वहीं पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना ने स्मार्ट मीटर लगाने वाली एजेंसियों की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.










