IPL 2026: गैंगवॉर के बीच पला-बढ़ा, मगर क्रिकेट ने बदली जिंदगी, अब 24 गेंदों में मुंबई इंडियंस को किया चित

IPL 2026: गैंगवॉर के बीच पला-बढ़ा, मगर क्रिकेट ने बदली जिंदगी, अब 24 गेंदों में मुंबई इंडियंस को किया चित

Akeal Hosein Story: खेल-खेल में जिंदगी बदल जाए, ऐसा कहां होता है. मगर कोई खेल किसी की जिंदगी बदल दे, इसके हजारों उदाहरण इस दुनिया में मिल जाएंगे. क्रिकेट हो या फुटबॉल या बास्केटबॉल या फिर एथलेटिक्स, कई ऐसे खेल और खिलाड़ी रहे हैं, जिन्होंने खेल-कूद कर खराब बनने के बजाए नवाब बनकर दिखाया. मगर इसमें भी कम ही ऐसे नाम हैं, जिन्होंने खेलों के जरिए खुद को और अपने परिवार को अपराध की दुनिया से दूर रखा. ऐसे ही एक खिलाड़ी ने IPL 2026 में सिर्फ 24 गेंदों में अपना कमाल दिखाया. नाम है अकील होसैन.

वानखेडे स्टेडियम में 23 अप्रैल को मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स की टक्कर हुई. इस मुकाबले को चेन्नई ने 103 रन के अंतर से जीत लिया. ये CSK की आईपीएल के 19 सीजन के इतिहास में सबसे बड़ी जीत है. इस जीत के स्टार वैसे तो संजू सैमसन रहे, जिन्होंने इस सीजन में अपना दूसरा शतक जमाया और सिर्फ 54 गेंदों में 101 रन बनाकर नाबाद लौटे. मगर संजू के अलावा अकील होसैन का भी इसमें उतना ही बड़ा और अहम योगदान रहा.

पूरे 3 साल बाद IPL में वापसी कर रहे अकील होसैन ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपनी बॉलिंग से कहर बरपाया. चेन्नई ने इस मुकाबले में अकील को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतारा और मुंबई की पारी में पहला ओवर करने के लिए भेजा. अकील की शुरुआत अच्छी नहीं हुई थी और दूसरी गेंद पर ही छक्का पड़ गया. मगर इसके बाद अगली 22 गेंदों में उनके खिलाफ एक भी बाउंड्री नहीं लगी. इस दौरान उन्होंने दानिश मालेवार, नमन धीर, तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव के रूप में टॉप ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया. अकील ने 4 ओवर में 17 रन दिए और 4 विकेट लिए.

वेस्टइंडीज के बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर अकील होसैन को भले ही इस मैच में ज्यादा पहचान दिलाई हो लेकिन वो पिछले 5 साल से इंटरनेशनल क्रिकेट में सक्रिय हैं. कैरेबियन देश त्रिनिदाद एंड टोबैगो के छोटे से कस्बे लैवंटिल से आने वाले अकील होसैन के लिए यहां तक का सफर न तो आसान था और न ही इस खेल को चुनना आसान था. अपने बचपन में ही वो अपने कस्बे के गैंगवॉर के बीच बड़े हुए. उस इलाके में कई आपराधिक गैंग थे, जिनमें कई युवा भी शामिल होते थे. मगर अकील जुर्म की इस दुनिया का हिस्सा नहीं बनना चाहते थे और अपने परिवार को भी इससे दूर रखना चाहते थे.

इसके लिए अकील ने क्रिकेट का सहारा लिया और लोकल लेवल पर अपनी पहचान बनानी शुरू की. अकील उसी त्रिनिदाद देश से हैं, जिसने क्रिकेट को ब्रायन लारा के रूप में इसका एक चमकीला सितारा दिया था. जिस फातिमा स्कूल से पढ़कर और खेलकर लारा को पहचान मिली थी, उसके खिलाफ ही एक मैच में अकील ने दमदार प्रदर्शन किया था. इसके बाद इसी स्कूल ने अकील को अपना हिस्सा बनाने का फैसला किया.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस स्कूल के लिए खेलते ही रातों-रात अकील लेवंटिल में मशहूर हो गए और फिर तो उन्हें लोकल गैंग्स का भी प्रोटेक्शन मिलने लगा था. इसके बाद उन्होंने राजधानी पोर्ट ऑफ स्पेन का सफर तय किया, जहां सुनील नरेन और काइरन पोलार्ड जैसे दिग्गजों ने कमाई से लेकर रहने तक में उनकी मदद की और फिर धीरे-धीरे अकील ने अंडर-19 वर्ल्ड कप से लेकर सीनियर टीम तक का सफर तय किया.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com