जसवंतनगर: 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी लापता, अज्ञात युवक पर अपहरण का मुकदमा दर्ज, पुलिस तलाश में जुटी

जसवंतनगर: जसवंतनगर के बलरई थाना क्षेत्र से एक नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया है. किशोरी के पिता की शिकायत पर पुलिस ने एक अज्ञात युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
परिजनों का आरोप है कि युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार लापता किशोरी की उम्र करीब 16 वर्ष बताई जा रही है. किशोरी के पिता ने बलरई थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी बेटी अचानक घर से लापता हो गई. काफी तलाश के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं लगा तो उन्होंने थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी. पिता का कहना है कि उन्हें आशंका है कि किसी अज्ञात युवक ने उनकी बेटी को अपने जाल में फंसाकर भगा लिया है.
पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी निरीक्षक दिवाकर सरोज ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि किशोरी की बरामदगी के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है.
पुलिस संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है और किशोरी के मोबाइल कॉल डिटेल्स व आसपास के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है. साथ ही किशोरी के मित्रों और परिचितों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि जल्द से जल्द उसका पता लगाया जा सके.
थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस हर पहलू पर ध्यान देकर जांच कर रही है और जल्द ही किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा.
फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और पुलिस नए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही.









