किसानों की मांगों पर बनेगी संयुक्त कमेटी, केंद्र और राज्य सरकार मिलकर करेंगे काम

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि किसानों की मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया जाएगा। यह कमेटी प्रदेश सरकार के साथ मिलकर काम करेगी और खेती को और अधिक आधुनिक व लाभकारी बनाने पर ध्यान देगी।
छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान मीडिया से बातचीत में कृषि मंत्री ने प्रदेश में हो रही आधुनिक खेती की सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां किसान नई तकनीकों का उपयोग कर बेहतर उत्पादन कर रहे हैं। खेतों में एक ही पौधे पर ऊपर और नीचे अलग-अलग फसल उगाने जैसे प्रयोग देखने को मिले हैं, जो सराहनीय हैं।
किसानों से हुई चर्चा में हाईटेक मंडी, कृषि शोध और बेहतर बीजों की मांग सामने आई है। मंत्री ने बताया कि भारत सरकार के वरिष्ठ वैज्ञानिकों के साथ इन विषयों पर विस्तृत विमर्श किया गया। बीमारियों की समय पर पहचान और रोकथाम को लेकर भी चर्चा हुई है।
उन्होंने कहा कि धान की फसल के बाद खाली रहने वाले खेतों में अब दलहन की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। सरकार उचित मूल्य पर फसल की खरीदी करेगी। मूंगफली और अन्य फसलों के उत्पादन को लेकर भी सकारात्मक कार्य हो रहे हैं।
कृषि मंत्री ने बताया कि किसानों की मांगों पर काम करने के लिए अगले सप्ताह टीम गठित की जाएगी। यह टीम किसानों की समस्याओं, जरूरतों और संभावनाओं का अध्ययन कर ठोस सुझाव देगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के गरीब परिवारों को आवास सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और पीएम जनमन जैसी योजनाओं के माध्यम से लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि हर गरीब परिवार को अपना घर और बेहतर जीवन सुविधाएं मिलें।










