केजरीवाल ने हनुमान मंदिर में दर्शन के बाद बीजेपी पर साधा निशाना, माफी की मांग

राउज एवेन्यू कोर्ट से बरी होने के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल शनिवार को नई दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पहुंचे। उनके साथ पत्नी सुनीता केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन, सांसद संजय सिंह, विधायक कुलदीप कुमार और पूर्व विधायक दुर्गेश पाठक समेत अन्य नेता मौजूद रहे। सभी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बजरंगबली का आशीर्वाद लिया।

मंदिर में दर्शन के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वे अपनी धर्मपत्नी और साथियों के साथ भगवान बजरंगबली के चरणों में माथा टेकने आए हैं। उन्होंने प्रार्थना की कि प्रभु सभी के जीवन में सुख, शांति और साहस बनाए रखें। उन्होंने कहा कि जनता, बजरंगबली के आशीर्वाद और बाबा साहब के बनाए संविधान की बदौलत उन्हें अदालत से न्याय मिला है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि जिन पर संकट मोचन हनुमान जी का आशीर्वाद होता है, उन्हें डराना या हराना संभव नहीं है।

केजरीवाल के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक वहां पहुंच गए। लोगों ने उनसे मुलाकात की, हाथ मिलाए और बधाई दी। महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई महिलाओं ने उनके सिर पर हाथ रखकर दीर्घायु होने का आशीर्वाद दिया और कहा कि उन्हें फर्जी मामलों में फंसाया गया था।

पूर्व विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा कि पार्टी और उसके नेताओं पर बजरंगबली की विशेष कृपा है, जिसके चलते उन्हें इस मामले में राहत मिली है। उन्होंने कहा कि शुरू से ही सच्चाई की जीत की बात कही जा रही थी और अंततः वही हुआ।

दुर्गेश पाठक ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अब बयानबाजी करने के बजाय भाजपा को माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक षड्यंत्र के तहत संस्थानों का दुरुपयोग किया गया और अब इस प्रकरण को यहीं समाप्त किया जाना चाहिए।

close