खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026: सीधी के युवाओं ने रचा इतिहास, राज्य स्तर पर 18 पदकों से किया कमाल

सीधी: ‘खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026’ में सीधी जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले के खेल इतिहास में नया अध्याय जोड़ा है. 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित इस राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में सीधी जिले के खिलाड़ियों ने कुल 18 पदक जीतकर जिले का नाम पूरे प्रदेश में गौरवान्वित किया है. यह जिले के लिए अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक मानी जा रही है.

सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी अरविंद कुमार श्रीवास्तव के कुशल मार्गदर्शन में सीधी के खिलाड़ियों ने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है. पहली बार जिले के खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर इतनी बड़ी संख्या में पदक प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है.

18 और 20 वर्ष से कम आयु वर्ग के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

प्रतियोगिता में 18 एवं 20 वर्ष से कम आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। एकल खेलों में खिलाड़ियों ने 2 रजत एवं 9 कांस्य पदक जीतकर कुल 11 पदक अर्जित किए, वहीं समूह खेलों में 2 द्वितीय स्थान एवं 5 तृतीय स्थान प्राप्त कर 7 पदक अपने नाम किए। शासन द्वारा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को 21,000 रूपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को 11,000 रूपये प्रति खिलाड़ी की प्रोत्साहन राशि सीधे बैंक खातों में प्रदान की गई, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल और अधिक बढ़ा है.

इन खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का मान

बॉक्सिंग में कशिश सिंह एवं तनु सिंह ने रजत पदक प्राप्त किया, जबकि आकांक्षा साकेत, नेहा साहू, समृद्धि चौबे, ऋषि जयसवाल, इच्छा तिवारी, आयुष कुमार रावत एवं सागर सिंह ने कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। एथलेटिक्स में शिवम विश्वकर्मा ने 110 मीटर हर्डल्स में कांस्य पदक हासिल किया। जूडो में आयुषी मिश्रा ने 70 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। वॉलीबॉल में अनमोल सिंह एवं अभ्युदय सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि रस्साकशी प्रतियोगिता में शिवानी जायसवाल, तारावती केवट, दुर्गेश जायसवाल, अर्पिता सिंह एवं समीक्षा सिंह ने तृतीय स्थान अर्जित किया.

विकासखंड से राज्य स्तर तक चला चयन का सफर

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला खेल अधिकारी अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस प्रतियोगिता का आयोजन विकासखंड स्तर से लेकर राज्य स्तर तक किया गया। विकासखंड स्तर पर कुल 1507 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें सीधी से 452, मझौली से 330, कुसमी से 296, रामपुर नैकिन से 302 एवं सिहावल से 127 खिलाड़ी शामिल थे। इसके पश्चात जिला एवं संभाग स्तर पर क्रमशः 935 एवं 256 खिलाड़ियों का चयन हुआ। अंततः 159 खिलाड़ियों (89 बालक एवं 70 बालिकाएं) ने भोपाल एवं उज्जैन में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व किया.

टीमवर्क और सहयोग से मिली सफलता

इस सफल आयोजन एवं उपलब्धि में सीईओ जिला पंचायत शैलेंद्र सिंह सोलंकी, जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. सिंह, खेल प्रशिक्षक भूमेश ठाकरे, मानिंद शेर अली खान, ब्लॉक समन्वयक जयवीर सिंह, कृष्णनंद मिश्रा सहित खेल विभाग के समस्त स्टाफ एवं पीटीआई का सराहनीय योगदान रहा.

खिलाड़ियों को जिला स्तर पर भी मिलेगा सम्मान

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला खेल अधिकारी अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सीधी जिले के बच्चों में अद्भुत प्रतिभा और क्षमता है। पहली बार राज्य स्तर पर इतनी बड़ी उपलब्धि मिलना हम सभी के लिए गर्व की बात है। सभी विजेता खिलाड़ियों को जिला स्तर पर भी सम्मानित किया जाएगा.

close