राजस्थान: महिला के कपड़े पहने पहाड़ियों में छिपा था इनामी बदमाश, लेडी सिंघम ने दबिश देकर पकड़ा; निकाला जुलूस

कोटपूतली: गैंगवार और सरेआम फायरिंग के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश महिपाल उर्फ एमपी गुर्जर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि पुलिस से बचने के लिए आरोपी पिछले करीब एक महीने से महिला के वेश में पहाड़ी इलाकों में छिपकर फरारी काट रहा था. यह कार्रवाई डीएसपी मेघा गोयल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दी.

पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर की शाम करीब 6 बजे बानसूर के हरसौरा रोड पर महिपाल गुर्जर और विनोद पोसवाल के बीच पुरानी रंजिश को लेकर गैंगवार हुई थी. इस दौरान हालात तब और गंभीर हो गए, जब घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

वायरल फुटेज में दिखाई दिया कि महिपाल अपने साथियों के साथ एक होटल से बाहर निकल रहा था, तभी विनोद पोसवाल और उसके साथियों ने थार गाड़ी से उसे कुचलने की कोशिश की. जवाब में महिपाल ने सरेआम फायरिंग कर दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई.

घटना के बाद से ही महिपाल गुर्जर पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था. पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था. गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा और कभी गांव तो कभी जंगल व पहाड़ी इलाकों में छिपता रहा.

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी हमीरपुर की पहाड़ियों में छिपा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की. जब टीम मौके पर पहुंची तो पुलिस भी कुछ पल के लिए हैरान रह गई, क्योंकि आरोपी महिला के कपड़े पहनकर अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रहा था. हालांकि पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी के चलते उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस के अनुसार, महिपाल गुर्जर आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और अवैध हथियार रखने सहित करीब आठ संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं. इस गैंगवार प्रकरण में पुलिस पहले ही उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर चुकी है.

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का बानसूर क्षेत्र में जुलूस निकाला. इस दौरान आरोपी महिला के वेश में ही नजर आया, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए. जुलूस के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं.

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों, उसके आपराधिक नेटवर्क और फरारी के दौरान उसे शरण देने वालों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com