मैहर: जन्म के दो घंटे बाद नवजात को जंगल में बोरी में छोड़ा, ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से बची जान

मैहर: उचेहरा ब्लॉक के विश्वविख्यात भरहुत गांव में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. जन्म के महज डेढ़ से दो घंटे बाद एक नवजात शिशु (बालक) को जंगल क्षेत्र में पुरातत्व विभाग की बाउंड्रीवाल के भीतर बोरी में बंद कर छोड़ दिया गया. ठंड, भूख और अकेलेपन से जूझ रहे इस मासूम की जान ग्रामीणों, सरपंच और पुलिस की तत्परता से बच सकी.
घटना शनिवार सुबह की है. शौच के लिए जंगल की ओर गए ग्रामीणों को बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी. आवाज का पीछा करते हुए जब वे बाउंड्रीवाल के भीतर पहुंचे तो कपड़ों में लिपटा एक नवजात बोरी के अंदर पड़ा मिला. यह दृश्य देखकर ग्रामीण स्तब्ध रह गए. तत्काल गांव की सरपंच माया देवी को इसकी सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही सरपंच माया देवी ने उचेहरा थाने को अवगत कराया. सहायक उपनिरीक्षक संतोष सिंह, आरक्षक संतोष वर्मा, कौशल गुर्जर और महिला आरक्षक शिवानी मेहरा मौके पर पहुंचे और नवजात को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल सिविल अस्पताल उचेहरा पहुंचाया गया.
अस्पताल में मौजूद महिला चिकित्सक एवं विकासखंड चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि बच्चा अस्पताल लाए जाने से डेढ़ से दो घंटे पहले ही जन्मा था. नवजात की नाल तक नहीं कटी थी और शरीर पर गंदगी लगी हुई थी. डॉक्टरों ने बताया कि समय पर इलाज न मिलता तो बच्चे की जान जा सकती थी. फिलहाल नवजात की हालत स्थिर है और उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है.
सरपंच ने दिखाई मानवीय संवेदना
घटना के बाद सरपंच माया देवी ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए नवजात की जिम्मेदारी अपने हाथों में ले ली. वे सुबह से अस्पताल में मौजूद रहकर बच्चे की देखभाल कर रही हैं. उन्होंने कहा कि जब तक प्रशासन कोई निर्णय नहीं लेता, तब तक वे बच्चे को अकेला नहीं छोड़ेंगी.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. नवजात को जंगल में छोड़ने वाली महिला और परिजनों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं. आसपास के गांवों, स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं से भी जानकारी जुटाई जा रही है. थाना प्रभारी टीआई सतीश मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सामाजिक दबाव या पारिवारिक कारणों से जुड़ा हो सकता है. हर पहलू से जांच की जा रही है ताकि नवजात को छोड़ने वालों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके.










