गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में अवैध धान भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 994 क्विंटल धान जब्त

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के साथ ही अवैध भंडारण और परिवहन पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी के निर्देश पर जिले भर में लगातार निरीक्षण और जांच अभियान चलाया जा रहा है.
इसी कड़ी में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मरवाही देवेंद्र सिरमौर की मौजूदगी में राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की. जांच दौरान धनपुर निवासी राजकुमार गुप्ता के घर के बाड़े में बिना वैध दस्तावेज के भारी मात्रा में धान भंडारित मिला. मौके पर 1906 बोरी (लगभग 864 क्विंटल) धान अवैध रूप से संग्रहित पाया गया. वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाने पर इस धान को जब्त कर नियमानुसार राजकुमार गुप्ता की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया.
इसी तरह सिवनी निवासी रामकुमार कुशवाहा के घर के बाड़े में जांच की गई तो वहां भी बिना वैध दस्तावेज के अन्य व्यक्ति का 254 बोरी (लगभग 130 क्विंटल) धान भंडारित मिला. यहां भी धान जब्त कर रामकुमार कुशवाहा की सुपुर्दगी में दे दिया गया. दोनों मामलों में कुल 2160 बोरी, यानी करीब 994 क्विंटल धान जब्त किया गया है. प्रशासन ने बताया कि दोनों प्रकरणों में मंडी अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रशासन ने चेतावनी जारी की है कि अवैध धान भंडारण, परिवहन या उपार्जन केंद्रों में अमानक धान खपाने की किसी भी कोशिश पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी. जिले में धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और किसान हितैषी बनाए रखने के लिए ऐसी मुस्तैदी बरती जा रही है.









