धमतरी: शराब के लिए पैसे नहीं देने पर बदमाशों ने युवक पर किया जानलेवा हमला, पुलिस जांच में जुटी

धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी में शराब पीने के लिए पैसे न देने पर एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया. बदमाशों ने युवक को घेरकर चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के कांटा तालाब इलाके में हुई.

घायल युवक दिनेश ध्रुव ने बताया कि हमलावर तलवार और लोहे के पाइप लेकर आए थे और उनकी संख्या आधा दर्जन से अधिक थी. बदमाशों ने पहले शराब पीने के लिए पैसे मांगे और जब दिनेश ने पैसे देने से इनकार किया, तो उन्होंने उस पर हमला कर दिया.

दिनेश ध्रुव के अनुसार, हमलावरों ने उसके हाथ और पैरों पर वार किए. चोट लगने के बाद वह लगभग बेहोशी की हालत में नागदेव मंदिर की ओर पहुंचा और वहीं बेहोश होकर गिर गया. आसपास के लोगों ने उसे देखकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया. दिनेश ने बताया कि वह पेट्रोल डलवाने के लिए जा रहा था. दर्ज एफआईआर के मुताबिक, पैसे न देने पर बदमाशों ने गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और धारदार नुकीली वस्तु से मारपीट की. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com