नववर्ष 2026: राजनांदगांव पुलिस ने हाई-टेक सुरक्षा के साथ लागू किया ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति

नववर्ष 2026 के अवसर पर राजनांदगांव जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने चौतरफ़ा, सख़्त और हाई-टेक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिलेभर में व्यापक, सुनियोजित और सघन सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं। कानून तोड़ने वालों के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ और कानून का पालन करने वाले नागरिकों के लिए पूर्ण सहयोग का संदेश दिया गया है।
जिला विभिन्न सेक्टरों में विभाजित किया गया है और प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी राजपत्रित अधिकारियों को सौंपी गई है। जिले में 9 राजपत्रित अधिकारी, 20 निरीक्षक और लगभग 600 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तैनात हैं। उप पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीमों ने ढाबों, होटलों, रेस्टोरेंट्स और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध शराब सेवन, हुड़दंग, मारपीट और असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तुरंत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
संवेदनशील क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और पर्यटन स्थलों पर ड्रोन कैमरों और आधुनिक तकनीकी संसाधनों से लगातार निगरानी की जा रही है। प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों पर नाकाबंदी कर सघन जांच जारी है। मंगटा क्षेत्र में 30 व 31 दिसंबर और 1 जनवरी को 24 घंटे के मोबाइल चेक पोस्ट स्थापित कर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जिले में चिन्हांकित अपराधियों और गुंडा-बदमाशों पर सतत नजर रखी जा रही है ताकि किसी अप्रिय घटना को पहले ही रोका जा सके।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए 60 पुलिस कर्मियों की विशेष यातायात टीम तैनात है, जो शराब पीकर वाहन चलाने, काली फिल्म लगे वाहनों और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती से कार्रवाई करेगी। दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स पर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। आपात स्थिति के लिए 50 पुलिस कर्मियों को सीपीआर और फर्स्ट एड का प्रशिक्षण दिया गया है। 25 प्राथमिक उपचार किट पुलिस वाहनों और पेट्रोलिंग पार्टियों को उपलब्ध कराई गई हैं।
जिले में पैदल गश्त, बाइक और वाहन पेट्रोलिंग लगातार जारी रहेगी। 1 जनवरी को पर्यटन स्थलों, मंदिरों, बांधों, पिकनिक स्पॉट्स और सार्वजनिक स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
डोंगरगढ़ मंदिर परिसर में अतिरिक्त पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया गया है। किसी भी सूचना या शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 9479246435 और पुलिस कंट्रोल रूम 9479192199 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी दें।











