600 KM तक नो-फ्लाई जोन… बंगाल की खाड़ी में मिसाइल टेस्ट से पहले NOTAM जारी

भारतीय रक्षा मंत्रालय ने बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में एक और बड़े मिसाइल परीक्षण की तैयारी पूरी कर ली है. इसके लिए भारत ने NOTAM (Notice to Airmen) जारी कर दिया है. यह परीक्षण 25 और 26 सितंबर 2026 को किया जाएगा. इसके तहत बंगाल की खाड़ी के एक बड़े हिस्से कोअस्थायी तौर पर डेंजर जोन घोषित किया गया है. इस नो-फ्लाई जोन का दायरा करीब 600 किलोमीटर तक का है.

जानकारी के मुताबिक, मिसाइल परीक्षण से संबंधित NOTAM 25 सितंबर को UTC 03:30 बजे से 26 सितंबर को UTC 10:30 बजे तक प्रभावी रहेगा. इस दौरान बंगाल की खाड़ी के निर्धारित हिस्से में हवाई और समुद्री गतिविधियों को लेकर विशेष सावधानी बरती जाएगी, ताकि किसी भी नागरिक विमान या समुद्री जहाजों की आवाजाही को सुरक्षित रूप से टाला जा सके.

कौन सी मिसाइल हो सकती है टेस्ट?

वहीं, करीब 600 किलोमीटर तक के क्षेत्र को अस्थायी डेंजर जोन बनाए जाने से संकेत मिलता है कि परीक्षण के दौरान मिसाइल की उड़ान के लिए बड़ा सुरक्षा क्षेत्र निर्धारित किया गया है. हालांकि, मिसाइल का सटीक प्रकार और परीक्षण का पूरा विवरण आधिकारिक तौर पर सार्वजनिक नहीं किया गया है.

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) की तरफ से आधिकारिक तौर पर मिसाइल के नाम का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन इस 600 किमी के दायरे को देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि यह प्रलय (Pralay) टैक्टिकल बैलिस्टिक मिसाइल, पृथ्वी सीरीज की मिसाइल या ब्रह्मोस (BrahMos) क्रूज मिसाइल का एडवांस वर्जन हो सकता है.

क्यों अहम है यह परीक्षण?

यह परीक्षण भारत के त्रि-सेवा थिएटर कमांड (Tri-Service Theater Command) और अंडमान-निकोबार रणनीतिक क्षेत्रों की चौकसी और ऑपरेशनल तैयारी को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है. ओडिशा तट के पास स्थित लॉन्च पैड्स से इस परीक्षण को किया जाएगा. यह परीक्षण भारत की रक्षा तैयारियों और रणनीतिक महत्व को मजबूत करेगा.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close