खुले मंच से हुंकार: “कांग्रेस खत्म, सपा अपराध की पहचान” — डिप्टी सीएम केशव मौर्य का वार

यूपी : डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सहारनपुर पहुंचने पर खुले मंच से दावा किया कि 2027 में नहीं, बल्कि 2029 तक भी सत्ता में बनी रहेगी और आगामी चुनावों में जनता के आशीर्वाद व कार्यकर्ताओं के परिश्रम से एक बार फिर बड़ी और ऐतिहासिक विजय हासिल करेगी.
उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस का राजनीतिक भविष्य समाप्त हो चुका है और सपा अपराध की राजनीति का प्रतीक बन चुकी है.
केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा ने अपने शासनकाल में गाजियाबाद से गाजीपुर तक अपराध का साम्राज्य खड़ा कर दिया था.
उन्होंने कहा–जहां सपा होती है, वहां अपराध अपने आप पहुंच जाता है.यूपी को उन्होंने जंगलराज में झोंक दिया था.भाजपा सरकार ने कानून का राज स्थापित किया है.
डिप्टी सीएम ने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश में अपराधी या तो जेल में हैं या प्रदेश छोड़ चुके हैं.भाजपा की सरकार ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है, जिसे जनता ने स्वीकार किया है.
डिप्टी सीएम ने कांग्रेस पर सबसे तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस 140 साल पुरानी पार्टी है, लेकिन अब उसका कोई राजनीतिक भविष्य नहीं बचा है.
उन्होंने आरोप लगाया कि जिस कांग्रेस ने कभी आज़ादी की लड़ाई में भागीदारी की बात की, उसी पार्टी ने वंदे मातरम के टुकड़े कर दिए.
मौर्य ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति आज देश को तोड़ने वाली सोच तक सिमट गई है.उनका कहना था कि कांग्रेस अब केवल झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है.
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने लोकसभा चुनाव 2024 में यह झूठ फैलाया कि नरेंद्र मोदी सरकार संविधान खत्म कर देगी और भाजपा आरक्षण समाप्त कर देगी.
लेकिन जनता ने इन झूठों को नकारते हुए तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बना दिया। अब चौथी बार भी मोदी पीएम बनेंगे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का झूठ अब जनता समझ चुकी है और यही वजह है कि कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है.
डिप्टी सीएम ने कांग्रेस के बयान पर कहा कि जिनको जाना है, वो चले जाएं. भाजपा और एनडीए पहले से ज्यादा मजबूत होकर चुनाव लड़ रहे हैं.
उन्होंने दावा किया कि एनडीए एकजुट है और आने वाले सभी चुनावों में विपक्ष को करारी शिकस्त देगा.
केशव प्रसाद मौर्य ने हालिया चुनावी नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा जीती। हरियाणा विधानसभा चुनाव भाजपा ने जीता. महाराष्ट्र और बिहार में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की.
उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहे जितना दुष्प्रचार कर ले, जनता का भरोसा भाजपा के साथ है। डिप्टी सीएम ने पश्चिम बंगाल को लेकर भी बड़ा दावा किया।
उन्होंने कहा–आज नहीं तो कल, पश्चिम बंगाल में भी कमल जरूर खिलेगा.उनका कहना था कि वहां की जनता भी तुष्टिकरण और हिंसा की राजनीति से त्रस्त हो चुकी है और बदलाव चाहती है.
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण और निष्पक्ष मतदान से कांग्रेस और सपा को डर लग रहा है.उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को फर्जी वोटों और गलत तरीकों से चुनाव जीतने की आदत पड़ चुकी है, लेकिन अब ऐसा नहीं चलेगा. भाजपा पारदर्शी चुनाव चाहती है, और यही बात कांग्रेस-सपा को परेशान कर रही है.









