राजधानी में युवक को बंधक बनाकर ATM से निकाले पैसे, एक आरोपी गिरफ्तार

रायपुर में बदमाशों द्वारा युवक को बंधक बनाकर जबरन एटीएम से पैसे निकलवाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट कर उसके खाते से 10 हजार रुपए निकलवाए। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है।
पान ठेले से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, कुशालपुर निवासी विशाल सोनकर निजी कंपनी में काम करता है। 8 मई को वह टिकरापारा इलाके से शंकरनगर की ओर जा रहा था। रास्ते में साहू भवन के पास एक पान ठेले पर रुकने के दौरान विशाल बृजवानी उर्फ दीनू अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोपियों ने युवक से गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर तीनों ने उसके साथ मारपीट की और जबरन उसकी मोपेड पर बैठाकर पास के एटीएम तक ले गए।
ATM के अंदर भी की मारपीट
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि एटीएम के भीतर भी आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। डराकर उसके खाते से 10 हजार रुपए निकलवाए गए। रुपए लेने के बाद आरोपी युवक को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने टिकरापारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विशाल बृजवानी उर्फ दीनू को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पर पांच से अधिक अपराध दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस कमिश्नर को जिला बदर की अनुशंसा भी भेजी गई है। वहीं फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।










