उत्तर प्रदेश: बुलेट-पिकअप टक्कर में एक युवक की मौत, एक घायल

सुल्तानपुर: कूरेभार थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर लगभग 2 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के लिंक मार्ग पर एक सड़क हादसा हुआ. सेउर ग्राम सभा स्थित गोल चक्कर के पास सरिया लदी पिकअप और बुलेट बाइक की आमने-सामने टक्कर में 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया.

जानकारी के अनुसार, अयान (18) पुत्र रशीद निवासी मुजेश, थाना कूरेभार अपने रिश्तेदार वैस खान (18) पुत्र स्वर्गीय इसरार निवासी बंधुआ कला, सुल्तानपुर के साथ बुलेट से सेउर गांव में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के लिंक मार्ग पर गोल चक्कर के पास पहुंचते ही, सामने से आ रही सरिया लदी पिकअप वाहन से उनकी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार अयान पिकअप के नीचे फंस गया.

आसपास के लोगों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी. घायल वैस खान को तत्काल एम्बुलेंस से कूरेभार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां चिकित्सक डॉ. प्रयेश दीक्षित की टीम ने प्राथमिक उपचार के बाद वैस की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया.

सूचना मिलने पर कूरेभार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस मामले में विधिक कार्यवाही कर रही है.

close