धमतरी में देह व्यापार के अड्डे पर पुलिस का छापा, तीन गिरफ्तार… एक युवती फरार

धमतरी : शहर के टिकरापारा वार्ड में जिला अस्पताल के पीछे संचालित अनैतिक देह व्यापार के अड्डे पर धमतरी पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.पुलिस की अचानक दबिश से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. कार्रवाई के दौरान एक युवती मौके से फरार हो गई, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है.वहीं पुलिस ने नगदी, मोबाइल फोन, दवाइयां और अन्य सामग्री सहित 14,827 रुपये की मशरूका जब्त की है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर पुलिस अधीक्षक को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शासकीय जिला अस्पताल धमतरी के पीछे टिकरापारा वार्ड में स्थित पंकज गौतम के मकान में देह व्यापार का अवैध धंधा संचालित किया जा रहा है.सूचना की पुष्टि होने के बाद थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने गवाहों और पांईटर के साथ योजनाबद्ध तरीके से मौके पर रेड कार्रवाई की.
पुलिस के पहुंचते ही मकान के अंदर हड़कंप मच गया. कमरे की तलाशी के दौरान दो युवक और दो युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए. इसी बीच एक युवती मौका पाकर वहां से फरार हो गई, जबकि दूसरी युवती को पुलिस ने अपने संरक्षण में लिया.पुलिस ने मौके से सुशील गिलहरे (38) निवासी साल्हेवार पारा धमतरी, खुमान साहू (40) निवासी कर्मा चौक धमतरी और लोचन देवांगन (32) निवासी रामपुर वार्ड धमतरी को गिरफ्तार कर लिया.
तलाशी के दौरान पुलिस ने नगदी रकम, मोबाइल फोन, दवाइयां (ZAGORE-100, MANFORCE), कंडोम तथा फोन-पे ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट सहित कुल 14,827 रुपये की सामग्री जब्त की.पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी सुशील गिलहरे ने किराये पर मकान लेकर महिलाओं को पैसों का लालच देकर और उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर उनसे अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा था.
मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.पुलिस फरार युवती की तलाश में जुटी हुई है तथा इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है.











