रणबीर कपूर ने बताया किस वजह से बदली उनकी छवि, ‘एनिमल’ को बताया करियर का टर्निंग पॉइंट

बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर ने अपने करियर को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक वह रोमांटिक और लवर बॉय इमेज में ही बंधे रहे, जिससे उन्हें अलग तरह के किरदारों के मौके कम मिल रहे थे। रणबीर के मुताबिक, फिल्म ‘एनिमल’ और इसके निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा ने उनकी छवि बदलने में अहम भूमिका निभाई।

रणबीर कपूर ने हाल ही में जापान में फिल्म ‘एनिमल’ की स्क्रीनिंग के दौरान दर्शकों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपने करियर के सफर पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि शुरुआत से ही उन्हें ज्यादातर सॉफ्ट और रोमांटिक किरदारों के ऑफर मिले, जिससे लोग उन्हें एक ही तरह के रोल में देखने लगे।

रणबीर ने बताया कि ‘सांवरिया’, ‘बचना ऐ हसीनों’, ‘ये जवानी है दीवानी’ और ‘ऐ दिल है मुश्किल’ जैसी फिल्मों ने उनकी लवर बॉय इमेज को मजबूत किया। ये फिल्में भले ही सफल रहीं, लेकिन इंडस्ट्री में उन्हें गंभीर या डार्क किरदारों के लिए ज्यादा नहीं सोचा गया।

ऐसे में जब निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा उनके पास ‘एनिमल’ लेकर आए, तो यह उनके लिए एक बड़ा मौका साबित हुआ। इस फिल्म में रणबीर का किरदार ग्रे शेड्स, हिंसा, जुनून और भावनात्मक संघर्ष से भरा हुआ था, जो उनके पिछले किरदारों से बिल्कुल अलग था।

रणबीर ने कहा कि संदीप उन चुनिंदा निर्देशकों में से हैं जिन्होंने उनकी इमेज से हटकर उन्हें एक नए नजरिए से देखा। उन्होंने ‘एनिमल’ के लिए संदीप का आभार जताया और कहा कि इस फिल्म ने उन्हें एक अभिनेता के तौर पर नई पहचान दिलाई।

फिल्म ‘एनिमल’ साल 2023 में रिलीज हुई थी और इसे दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिला था। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया और रणबीर की अभिनय क्षमता को लेकर खूब तारीफ हुई। हालांकि फिल्म को लेकर विवाद भी हुए, लेकिन रणबीर के अभिनय ने सभी का ध्यान खींचा।

रणबीर कपूर का मानना है कि ‘एनिमल’ उनके करियर का एक अहम मोड़ साबित हुई, जिसने उन्हें लवर बॉय की छवि से बाहर निकालकर एक गंभीर और मजबूत अभिनेता के रूप में स्थापित किया।

close