नेटफ्लिक्स पर छाई रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’, ग्लोबल टॉप लिस्ट में बनाई नंबर वन पहचान

रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ ने सिनेमाघरों के बाद अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी जबरदस्त सफलता हासिल की है। नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने के बाद यह फिल्म दुनियाभर में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नॉन-इंग्लिश फिल्मों की सूची में पहले स्थान पर पहुंच गई है।
फिल्म को अब तक नेटफ्लिक्स पर करीब 7.6 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं, यानी लगभग 76 लाख दर्शक इसे देख चुके हैं। भारत के साथ-साथ विदेशों में भी फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। खास बात यह है कि पाकिस्तान में भी यह फिल्म सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है।
‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह ने मुख्य भूमिका निभाई है, जबकि अक्षय खन्ना ने विलेन का किरदार निभाया है। इसके अलावा संजय दत्त, आर माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। लीड एक्ट्रेस के तौर पर सारा अर्जुन ने फिल्म में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।
फिल्म की कहानी कराची के ल्यारी टाउन और वहां पनपते आतंकवाद पर आधारित है, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया है। दमदार कहानी और मजबूत अभिनय के चलते फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिल रही है।
पाकिस्तान में भी भारतीय फिल्मों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। ‘धुरंधर’ के साथ-साथ कई अन्य बॉलीवुड फिल्मों को भी वहां के दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, जिससे भारतीय सिनेमा की वैश्विक पहुंच और मजबूत हुई है।
बॉक्स ऑफिस पर भी ‘धुरंधर’ ने शानदार प्रदर्शन किया था। यह फिल्म 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई थी और भारत में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन करने में सफल रही। वहीं, दुनियाभर में इसने 1300 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी।
फिल्म की इस बड़ी सफलता के बाद अब दर्शक इसके दूसरे भाग का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ‘धुरंधर 2’ को 19 मार्च 2026 को रिलीज किया जाना है, जिसे लेकर फैंस में पहले से ही काफी उत्साह बना हुआ है।










