रफ्तार के कहर से थर्राया रीवा: दो भीषण हादसों में चार की मौत, दो घरों की शादी की खुशियां मातम में बदलीं

रीवा: जिले की सड़कों पर शनिवार को ‘रफ्तार का दानव’ काल बनकर दौड़ा. दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हृदयविदारक सड़क हादसों में कुल चार लोगों की अकाल मृत्यु हो गई. पहली घटना रीवा-रायपुर मार्ग पर कोष्टा के पास हुई, जहाँ एक बेलगाम BMW कार ने तीन लोगों की जिंदगी लील ली. वहीं दूसरी घटना सिरमौर मार्ग पर हुई, जहाँ ट्रक की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई. इन दोनों ही घटनाओं में सबसे दुखद पहलू यह रहा कि पीड़ित पक्ष के घरों में शहनाइयां बजने वाली थीं, लेकिन अब वहाँ मातम पसरा है.
पहली घटना: भगवान को पहला कार्ड देने जा रहे थे, रास्ते में मिली मौत
रीवा-रायपुर मार्ग पर कोष्टा के समीप शनिवार को उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब रायपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार BMW कार ने बाइक सवारों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
मृतकों की पहचान शीतल विश्वकर्मा (निवासी रतहरा), शिवम विश्वकर्मा एवं भागवत विश्वकर्मा (निवासी चचाई) के रूप में हुई है. बताया गया कि भागवत विश्वकर्मा के पुत्र शुभम का विवाह 25 फरवरी को होना तय था. परिवार की परंपरा के अनुसार, वे भगवान चिरहुला नाथ को शादी का पहला निमंत्रण देने घर से निकले थे, लेकिन मंदिर पहुँचने से पहले ही वे हादसे का शिकार हो गए. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है.
दूसरी घटना: वैवाहिक कार्यक्रम से लौट रहे युवक की ट्रक से भिड़ंत में मौत
वहीं, दोपहर करीब 12 बजे रीवा-सिरमौर मार्ग पर ग्राम लौआ के पास एक और दर्दनाक हादसा हुआ. यहाँ एक तेज रफ्तार ट्रक और कार के बीच आमने-सामने की सीधी भिड़ंत हो गई. हादसे में बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के करौंदा निवासी शिव प्रताप सिंह की मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार, शिव प्रताप बीती रात एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे. शनिवार को जब वे कार से वापस लौट रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे युवक को बाहर निकाला और संजय गांधी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
‘डेथ जोन’ बनता प्रयागराज और रायपुर हाईवे
स्थानीय निवासियों में बढ़ते हादसों को लेकर भारी आक्रोश है. लोगों का कहना है कि रीवा से प्रयागराज और रायपुर मार्ग पर ओवरस्पीडिंग पर कोई लगाम नहीं है. भारी वाहनों और लग्जरी कारों की अनियंत्रित गति के कारण आए दिन लोग जान गंवा रहे हैं. पुलिस प्रशासन द्वारा चेकिंग अभियान चलाने के दावों के बावजूद सड़कों पर मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है.










