धमतरी में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन: पुलिस ने जनप्रतिनिधियों, छात्रों और नागरिकों संग लगाई राष्ट्रीय एकता की दौड़

धमतरी: राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में आज सुबह जिले भर में “रन फॉर यूनिटी – 2025” का भव्य आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं आंतरिक सुरक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया. जिला मुख्यालय में दौड़ का शुभारंभ प्रातः 7 बजे जनपद तिराहा धमतरी से हुआ, जो पुलिस लाइन धमतरी में जाकर समाप्त हुई.

इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू, जनपद सदस्य अनीता यादव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं एवं आम नागरिक उपस्थित थे. अनुविभाग कुरुद में थाना से लेकर कारगिल चौक तक दौड़ लगाई गई. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर ने यहां सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा लगाने की घोषणा की. दौड़ प्रारंभ होने से पूर्व सभी प्रतिभागियों ने “राष्ट्रीय एकता दिवस प्रतिज्ञा” ली तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.

वृक्षारोपण एवं जागरूकता गतिविधियाँ 

दौड़ के उपरांत पुलिस लाइन धमतरी  एवं सभी थाना चौकी परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. साथ ही नशामुक्ति, सायबर सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता के संबंध में लगाई गई प्रदर्शनी पोस्टरों का अवलोकन कराया गया. इस दौरान अधिकारियों ने युवाओं को जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रेरक संदेश दिए.

जिलेभर में आयोजित हुए विविध कार्यक्रम

जिले के सभी थाना एवं चौकियों में भी एक साथ “रन फॉर यूनिटीं” का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. सभी स्थानों पर शपथ ग्रहण समारोह, वृक्षारोपण, नशामुक्ति, सायबर सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता प्रदर्शनी तथा स्वच्छता अभियान भी आयोजित किए गए.

कुरूद, भखारा, मगरलोड एवं नगरी, बोराई में भी राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी – 2025’ में जनप्रतिनिधियों, अनु.अधिकारी पुलिस एवं थाना प्रभारी,सामाजिक संगठनों,आम नागरिकों तथा विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अधिक संख्या में भाग लेकर एकता और राष्ट्रभावना का सशक्त संदेश दिया.