मैहर में सनसनीखेज ‘हनीट्रैप’: इंस्टाग्राम वाली दोस्ती ने पुणे के युवक को पहुंचाया जेल के मुहाने पर, न्यूड वीडियो बनाकर 56 हजार लूटे

मैहर: मैहर जिले में इंस्टाग्राम के जरिए प्यार के जाल में फंसाकर ब्लैकमेलिंग करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. एक युवती ने दोस्ती का झांसा देकर अपने साथी को पुणे से मैहर बुलाया और फिर साथियों के साथ मिलकर उसे बंधक बनाकर लूट लिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती समेत चार आरोपियों को दबोच लिया है.

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर डोसा और फिर ‘खूनी’ खेल
मूलतः भदनपुर पहाड़ निवासी 34 वर्षीय पीड़ित युवक पुणे में कार्यरत है। करीब 10 दिन पहले उसकी दोस्ती इंस्टाग्राम पर मानसी उर्फ गोल्डी नाम की युवती से हुई. बातचीत का सिलसिला बढ़ा तो मानसी ने उसे मैहर बुला लिया। 3 फरवरी को युवक मैहर पहुंचा, जहां दोनों ने घंटाघर चौक पर मुलाकात की और आईसीएच में साथ डोसा खाया. इसके बाद युवती उसे बहाने से घुरपुरा स्थित अपने किराए के कमरे पर ले गई.

कमरे में घुसते ही आ धमके ‘यमराज’
पीड़ित जैसे ही कमरे में बैठा, मानसी ने अपने गुर्गों को फोन कर दिया. कुछ ही देर में विक्की गुप्ता, मनोज उर्फ माचो, फूलचंद कुशवाहा और एक अन्य साथी वहां आ धमके. आरोपियों ने युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा और उसे निर्वस्त्र कर उसका वीडियो बना लिया.

रेप केस में फंसाने की धमकी और 56 हजार की वसूली
आरोपियों ने युवक को न्यूड वीडियो वायरल करने, हाथ-पैर तोड़ने और रेप केस में फंसाने की धमकी देकर मानसिक दबाव बनाया। डर के मारे युवक ने अपने मोबाइल और फोन पे का पासवर्ड बता दिया, जिसके बाद आरोपियों ने आशीष कुमार नामक व्यक्ति के खाते में 56 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए. वारदात के बाद आरोपी युवक को उसकी ही स्कूटी पर रात भर घुमाते रहे और रात 1 बजे सुनसान सड़क पर छोड़कर भाग निकले.

किराए के फ्लैट से चल रहा था ब्लैकमेलिंग का धंधा
पीड़ित की शिकायत पर मैहर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए घेराबंदी की और मानसी नामदेव उर्फ गोल्डी, विक्की गुप्ता, मनोज और फूलचंद को हिरासत में ले लिया है. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी युवती अपने पति से अलग रहती है और विक्की व अन्य साथियों के साथ मिलकर किराए के फ्लैट से ब्लैकमेलिंग का संगठित गिरोह चला रही थी.

पुलिस की अपील
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करते समय सावधानी बरतें. इस मामले में एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है. पुलिस को अंदेशा है कि यह गिरोह पहले भी कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है.

close