गाजियाबाद में गैस सिलेंडर की किल्लत, एजेंसियों पर लंबी कतारें और ब्लैक मार्केटिंग के आरोप

गाजियाबाद में रसोई गैस सिलेंडर की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। शहर के कई गैस एजेंसियों पर सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं। घंटों इंतजार के बावजूद कई उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

जानकारी के अनुसार क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र स्थित एक गैस एजेंसी पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़ जुटी रही। महिलाएं और पुरुष खाली सिलेंडर लेकर लाइन में खड़े दिखाई दिए। कई लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले ही गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई थी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा है।

लाइन में खड़े उपभोक्ताओं का आरोप है कि कई घंटे इंतजार करने के बाद एजेंसी कर्मचारी सिलेंडर खत्म होने की बात कह देते हैं और अगले दिन आने को कहते हैं। इससे लोगों को बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

कुछ उपभोक्ताओं ने गैस सप्लाई करने वाले वेंडरों पर पक्षपात का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कुछ लोगों को अधिक पैसे लेकर चुपचाप सिलेंडर दे दिए जाते हैं, जबकि आम उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को हो रही है, जिन्हें घरेलू जिम्मेदारियों के बीच घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है।

गाजियाबाद के पसोंडा क्षेत्र स्थित रघुवीर एंक्लेव की एक गैस एजेंसी पर ब्लैक मार्केटिंग के भी आरोप लगाए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आम उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा, जबकि कर्मचारियों द्वारा कथित तौर पर सिलेंडर ऊंची कीमतों पर बेचे जा रहे हैं।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि 1500 से 2000 रुपये तक लेकर सिलेंडर दिए जा रहे हैं, जबकि सरकारी दर इससे काफी कम है। कई लोगों का कहना है कि बुकिंग के बावजूद उन्हें कई दिनों तक सिलेंडर नहीं मिल रहा है।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वे विरोध प्रदर्शन भी कर सकते हैं।

close