इंदौर में चांदी का भाव सवा तीन लाख रुपये प्रति किलो, सोने में भी तेजी

इंदौर में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार तेजी बनी हुई है। सोना केडबरी 2000 अब 1,62,000 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया है, जबकि चांदी चौरसा 13,000 रुपये उछलकर 3,25,000 रुपये प्रति किलो के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है।
अंतरराष्ट्रीय बुलियन वायदा मार्केट में शुक्रवार को कामेक्स पर सोने-चांदी में निवेशकों की मजबूत खरीदारी के चलते तेजी देखने को मिली। सोना वायदा 74 डालर बढ़कर 4,986 डालर प्रति औंस और चांदी वायदा 389 सेंट बढ़कर 103.26 डालर प्रति औंस पर बंद हुआ। इस बढ़ोतरी का असर सीधे भारतीय बाजारों में देखने को मिला।
ज्वेलर्स का कहना है कि सट्टेबाजी और हेजिंग डिमांड के कारण चांदी में रिकॉर्ड तोड़ तेजी बनी हुई है। भूराजनैतिक तनाव और वैश्विक चिंताओं से निवेशकों का ध्यान कीमती धातुओं की ओर बढ़ा है।
इंदौर के बाजार में सोना केडबरी रवा नकद में 1,62,000 रुपये, सोना आरटीजीएस में 1,57,400 रुपये (जीएसटी अतिरिक्त), 22 कैरेट सोना 1,44,000 रुपये प्रति दस ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) पर उपलब्ध है। चांदी चौरसा 3,25,000 रुपये, चांदी आरटीजीएस 3,37,000 रुपये, चांदी टंच 3,25,500 रुपये प्रति किलो बिक रही है।











