अमेठी में बहू को दामाद भगा ले गया,ससुर ने लगाया आरोप, लाखों के गहने-नकदी भी गायब

अमेठी : जनपद के थाना संग्रामपुर क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है.यहां एक ससुर ने अपनी पुत्रवधू को दामाद द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया है.शिकायत में लाखों के आभूषण और नकदी भी गायब होने की बात कही गई है.
पुलिस को दी गई तहरीर में ससुर ने बताया कि उसकी पुत्रवधू को उसका ही दामाद भगा ले गया है, जो पड़ोसी जनपद का निवासी है.आरोप है कि बीती रात बहू घर से अचानक गायब हो गई. जाते समय वह घर में रखे लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के आभूषण और करीब 80 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गई। बहू अपना पांच वर्षीय बेटा घर पर ही छोड़कर चली गई.
घटना की जानकारी देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच हुई, जब बच्चा रोने लगा.परिजनों ने जागकर देखा तो घर के बक्से खुले पड़े थे और उनमें रखे गहने व नकदी गायब थे.इसके बाद परिजनों ने तुरंत थाने में सूचना दी.
थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि ससुर की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. पुलिस तथ्यों की पड़ताल कर रही है और पुष्टि होने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी.









