मानक ताक पर रख टोल वसूली! 30 किमी के भीतर दूसरा टोल खोलने पर सपा का विरोध, डीएम को सौंपा ज्ञापन

इटावा: इटावा-फर्रुखाबाद मार्ग पर मानकों की अनदेखी कर शुरू किए गए बख्तियारपुरा-गंगापुरा टोल प्लाजा के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है. सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य ‘बबलू’ के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर टोल प्लाजा को तत्काल बंद कराने की मांग की.

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि चौबिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगापुरा–बख्तियारपुरा चौराहे पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) द्वारा बिना तय मानकों के टोल प्लाजा शुरू कर दिया गया है. यह टोल प्लाजा बनारस की कंपनी अंशिका इंटरप्राइजेज को तीन महीने के ट्रायल पर दिया गया है, जबकि एनएचएआई के नियमों के अनुसार किसी भी राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो टोल प्लाजा के बीच न्यूनतम 60 किलोमीटर की दूरी होना अनिवार्य है.

सपा नेताओं का कहना है कि इस टोल प्लाजा से मात्र लगभग 30 किलोमीटर की दूरी पर मध्य प्रदेश के भिंड जनपद के बरही में पहले से ही एक टोल प्लाजा संचालित है, ऐसे में नया टोल शुरू करना पूरी तरह नियमों के खिलाफ है. इसके अलावा इटावा से टोल प्लाजा के बीच दतावली नहर पुल और लुहिया नहर पुल सहित कई स्थानों पर अभी निर्माण कार्य जारी है. अधूरे पुलों और निर्माणाधीन मार्ग पर टोल वसूली शुरू करना आम जनता के साथ अन्याय है.

ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि टोल वसूली को तत्काल नहीं रोका गया तो समाजवादी पार्टी आम जनमानस को न्याय दिलाने के लिए धरना–प्रदर्शन करने को बाध्य होगी. इस मौके पर वरिष्ठ नेता उदयभान सिंह यादव, सर्वेश शाक्य, प्रवक्ता विक्की गुप्ता, विधानसभा अध्यक्ष उमेश राजपूत ‘डुल्ले’, जिला सचिव प्रवीण कुशवाहा, डॉ. संतोष राठौर, प्रशांत शाक्य, राजेश यादव, अंकुर यादव सहित कई सपा नेता मौजूद रहे.