वाड्रफनगर के हायर सेकेंडरी स्कूल फुलीडूमर में नशा मुक्ति का संकल्प, विद्यार्थियों ने निकाली जन-जागरूकता रैली

बलरामपुर: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार, 30 जनवरी को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फुलीडूमर में शासन के निर्देशानुसार नशा मुक्ति विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य देवेंद्र कुमार उपाध्याय के मार्गदर्शन एवं हेल्थ केयर शाखा के विशेष प्रयास से किया गया.

कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा निकाली गई जन-जागरूकता रैली से हुई, जिसने पूरे गांव का भ्रमण कर नशे के दुष्प्रभावों से लोगों को अवगत कराया. रैली के पश्चात विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया.

मुख्य अतिथि डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने नशाखोरी को स्वास्थ्य और समाज दोनों के लिए घातक बताते हुए इसके दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला. वहीं बसंतपुर थाना से प्रधान आरक्षक विनोद सागर ने नशे से जुड़े अपराधों एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया.

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक एवं भाषण प्रस्तुत किए. साथ ही निबंध, रंगोली एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा. अंत में विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और नशा मुक्ति का संदेश समाज तक पहुंचाने का संकल्प लिया.

close