बलिया: ​विकास भवन में सीडीओ का औचक निरीक्षण, अव्यवस्था देख भड़के; वेतन रोकने के निर्देश

बलिया: मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) द्वारा आज विकास भवन का सघन औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान कार्यालयों में व्याप्त गंदगी, फाइलों के अंबार और कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर सीडीओ ने सख्त नाराजगी जाहिर की. उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्था सुधारने के लिए 10 सूत्रीय निर्देश जारी किए.
​निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) रमेश कुमार अनुपस्थित पाए गए. वहीं, कार्यों में घोर लापरवाही बरतने पर DO PRD का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं. रेड (RED) अनुभाग में प्रधान सहायक के पास बैठने के लिए कुर्सी तक उपलब्ध न होने पर सीडीओ ने अधिशासी अभियंता को तत्काल फर्नीचर व्यवस्था सुनिश्चित करने की चेतावनी दी.
​सीडीओ ने DDO, DPRO और कृषि विभाग सहित सभी कार्यालयों को निर्देश दिए कि फाइलों पर नंबर अंकित हों और उन पर स्पष्ट रूप से कर्मचारी का नाम व फाइलों का विवरण चस्पा किया जाए. प्रत्येक मेज पर कर्मचारी की नेम प्लेट और उनके कार्य का विवरण प्रदर्शित हो ताकि आगंतुकों को भटकना न पड़े. कहा कार्यालयों से पुरानी फाइलें, धूल और जाले तत्काल हटाए जाएं. खराब कंप्यूटरों और निष्प्रयोज्य (Useless) सामान की नीलामी के लिए समिति गठित कर कमरों को खाली करने के निर्देश दिए.

जनसुविधाओं की बदहाली पर नाराजगी

​विकास भवन के शौचालयों में गंदगी और टूटी पाइपों को देख सीडीओ ने नजीर (विकास भवन) को तत्काल सफाई, यूरिनल बदलने और पानी की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा. महिला शौचालयों की विशेष सफाई और RO सिस्टम की सर्विसिंग के भी निर्देश दिए गए. इसके अतिरिक्त, कमरों में रोशनी बढ़ाने और मेजों पर टेबल क्लॉथ बिछाने जैसे सौंदर्यीकरण के कार्य भी प्राथमिकता पर रखे गए हैं.

​अंतिम चेतावनी- सोमवार को फिर होगा निरीक्षण

​मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आगामी सोमवार को पुनः औचक निरीक्षण किया जाएगा. उन्होंने सभी अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि 13 फरवरी 2026 को विकास भवन का वृहद निरीक्षण होगा. यदि तब तक व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं पाई गईं, तो दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध शासन को कठोर कार्रवाई के लिए पत्र भेजा जाएगा.

close